टोक्यो ओलिम्पिक अपडेट्स : रशिया के 10 एथलीट्स ही खेलेंगे

punjabkesari.in Sunday, May 23, 2021 - 08:01 PM (IST)

नई दिल्ली : विश्व एथलैटिक्स डोपिंग समीक्षा बोर्ड ने शनिवार को 23 रूसी एथलीटों को इस साल अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में तटस्थ एथलीटों के रूप में प्रतिस्पर्धा करने के लिए मंजूरी दे दी। समीक्षा बोर्ड ने कहा कि रूसी राष्ट्रीय महासंघ निलंबित ही रहेगा। जबकि काबिल एथलीट जोकि सभी पात्रता मानदंड पर खरे उतरेंगे, को प्रतिस्पर्धा करने की अनुमति मिलेगी। वहीं, विश्व एथलैटिक्स (डब्ल्यू.ए.) ने साफ किया है कि तटस्थ एथलीट के तौर पर ओलिम्पिक खेलों सहित किसी भी चैम्पियनशिप प्रतियोगिता में 10 से ज्यादा खिलाड़ी को खेलने की मान्यता नहीं मिलेगी। 
यह 10 कौन होंगे यह सर्वोच्च पात्रता हासिल करने वाले प्लेयर होंगे। बता दें कि कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट ने दिसम्बर 2020 में रूस को अंतर्राष्ट्रीय डोपिंग रोधी नियमों की अवहेलना करने के आरोप में अगले दो वर्षों के लिए ओलिम्पिक और किसी भी विश्व चैम्पियनशिप खेल आयोजन में हिस्सा लेने पर प्रतिबंध लगा दिया था।

800 मीटर के डबल चैम्पियन डेविड नहीं खेलेंगे


नैरोबी : ओलिम्पिक के 800 मीटर दौड़ स्पर्धा में डबल चैम्पियन रहे केन्या के डेविड रुदिशा चोटों के कारण टोक्यो ओलिम्पिक में हिस्सा नहीं लेंगे। उन्होंने कहा- मैं लंबे समय से ट्रैक पर नहीं लौट पाया हूं और ऐसे में मैं टोक्यो में अपने खिताब का बचाव करने के लिए तैयार नहीं हो पाऊंगा। बता दें कि रुदिशा ने 2012 के लंदन ओलिम्पिक फाइनल में विश्व रिकॉर्ड (1 मिनट 40.91 सेकेंड) का समय निकाला था।

इंडोनेशिया 2032 ओलिम्पिक के लिए बिड लगाएगा


2032 ओलिम्पिक और पैराओलिम्पिक गेम्स के लिए इंडोनेशिया भी बिड लगाने की तैयारी है। इंडोनेशिया के प्रैसिडैंट जोको विडोडो ने कहा कि इसके लिए प्लाङ्क्षनग चल रही है। हालांकि इंटरनैशनल ओलिम्पिक कमेटी पहले ही ऐलान कर चुकी है कि बिड के लिए ब्रिसबेन सबसे आगे चल रहा है। बावजूद इसके प्रैसिडैंट जोको का कहना है कि हमारे पास इंडोनेशिया में गेम्स को बढ़ावा देने के लिए इससे अच्छा मौका कोई और नहीं होगा। 

यूरोपीयन चैम्पियशिप में उतरेंगे भारतीय शूटर्स


टोक्यो ओलिम्पिक से पहले भारतीय शूटर्स सोमवार से शुरू होने वाली यूरोपीयन चैम्प्यिनशिप में अपना दमखम परखेंगे। दीपक कुमार, दिव्यांश सिंह, एश्वर्य प्रताप सिंह तोमर 10 मीटर एयर राइफल प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। जबकि अभिषेक वर्मा और सौरभ चौधरी 10 मीटर पिस्टल वर्ग तो मनु भाकर और यश्स्वनी सिंह 10 मीटर एयर पिस्टल में हिस्सा लेंगी। 

आई.ओ.सी. ने फैंस के लिए फैनजोन किया लॉन्च


आई.ओ.सी. ने ओलिम्पिक में फैंस को बांधे रखने के लिए फैन जोन लॉन्च किया है जिसमें मोबाइल एप के जरिए फैंस हर प्रकार की जानकारी ले सकेंगे।  इसमें दर्शक अपने फेवरेट प्लेयर्स की टीम भी बना सकेंगे। गेम्स के दौरान सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता भी होंगे जिसमें दर्शक हिस्सा ले सकेंगे। इन एप्स की मदद से फैंस हाईलाइट्स देख सकेंगे। इसके अलावा सबसे बढिय़ा मोमेंट्स के लिए वोट भी कर पाएंगे। इन एप्स में दर्शकों को प्रतियोगिता जीकर ईनाम पाने का भी मौका होगा। 

यू.एस. क्लासिक में युर्चेंको डबल पाइक लगाने वाले पहली जिमनास्ट बनीं सिमोन बाइल्स


अमरीकी महिला जिमनास्ट सिमोन बाइल्स ने टोक्यो गेम्स से पहले यू.एस. क्लासिक में मजबूती से वापसी की है। सिमोन ने न सिर्फ गोल्ड मैडल हासिल किया बल्कि युर्चेंको डबल पाइक लगाने वाली  पहली महिला प्लेयर भी बन गईं।  24 साल की सिमोन अमरीका के लिए टोक्यो में मैडल्स की सबसे बड़ी उम्मीद है। रिकॉर्ड बनाने के बाद सिमोन ने कहा कि मुझे पता है कि यह परफैक्ट नहीं था लेकिन मैं इसे कद पाईं। इसने मेरी क्षमता दिखाई है। 

केंद्रीय मंत्री बोले- पीएम पूर्ण समर्थन देंगे

केंद्रीय खेल मंत्री किरण रिजिजू ने एक ट्विट में कहा है कि हमारे एथलीट खुश हैं और टोक्यो ओलिम्पिक के लिए तैयार हो रहे हैं। महामारी के बावजूद सरकार भारत को गौरवान्वित करने के लिए हमारे एथलीटों का समर्थन करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है। माननीय पीएम नरेंद्र मोदी ने सभी एथलीट्स को पूर्ण समर्थन प्रदान करने के लिए स्पष्ट निर्देश दिया है। 

Content Writer

Jasmeet