अनकैप्ड तेज गेंदबाज ने गुजरात टाइटंस के लिए IPL में किया डेब्यू, 150 kmph की रफ्तार से फेंकता है गेंद
punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 08:16 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : गुजरात टाइटंस के अनकैप्ड तेज गेंदबाज अशोक शर्मा को पंजाब किंग्स के खिलाफ 2026 सीजन के पहले मैच में प्लेइंग XI जगह दी गई और इसी के साथ उन्होंने IPL 2026 में अपना डेब्यू किया। 23 साल के अशोक को गुजरात टाइटंस ने अबू धाबी में हुए IPL 2026 के ऑक्शन में 90 लाख रुपए में खरीदा था जो इससे पहले राजस्थान के लिए घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन कर रहे थे।
कौन हैं अशोक शर्मा?
अशोक सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में राजस्थान के प्रदर्शन का मुख्य हिस्सा रहे हैं। अशोक ग्रुप स्टेज में 19 विकेट लेकर सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में सबसे ऊपर हैं। उनका औसत 12.10 और इकॉनमी रेट 8.84 रहा है। अशोक ने घरेलू टी20 क्रिकेट में आते ही अपनी छाप छोड़ी। अपने पहले ही प्रोफेशनल T20 मैच में उन्होंने तमिलनाडु के 3 बल्लेबाजों को आउट किया, और उसके बाद त्रिपुरा के खिलाफ 2 विकेट लिए। कर्नाटक के खिलाफ उन्होंने 43 रन देकर 3 विकेट लिए। जबकि उत्तराखंड और सौराष्ट्र के खिलाफ लगातार दो मैचों में चार-चार विकेट लिए और फिर राजस्थान के ग्रुप स्टेज के छठे मैच में दिल्ली के खिलाफ 2 विकेट लिए।
खुद को 'हार्ड-लेंथ' गेंदबाज बताने वाला यह दाएं हाथ के तेज गेंदबाज 150 kmph की रफ्तार से गेंद फेंक सकता है। इससे पहले वह कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के साथ नेट गेंदबाज के तौर पर काम कर चुके हैं। IPL 2025 में अशोक राजस्थान रॉयल्स की टीम का हिस्सा थे। उन्हें 30 लाख रुपए में खरीदा गया था, लेकिन उन्हें टीम के 14 में से किसी भी मैच में खेलने का मौका नहीं मिला। अपने हालिया प्रदर्शन की बदौलत उन्हें IPL की कई फ्रेंचाइजियों में ट्रायल देने का मौका मिला, जिनमें मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु भी शामिल है।
गुजरात टाइटन्स के मुख्य कोच आशीष नेहरा ने अशोक के बारे में कहा, 'हम अशोक को एक रोमांचक और कच्ची प्रतिभा के तौर पर पहचानते हैं। पिछले कुछ हफ्तों में हमने उनमें इतना कुछ देखा है कि हमें यकीन हो गया है कि वह इस सीजन में हमारी गेंदबाजी यूनिट का एक अहम हिस्सा बन सकते हैं। एक कोचिंग ग्रुप के तौर पर हम इसे एक चुनौती और एक अवसर दोनों के रूप में देखते हैं - अनुभव के दोनों छोरों से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करवाना और एक मजबूत, संतुलित आक्रमण तैयार करना।'

