विंडीज में अंडर-19 विश्व कप 2022 : टीम इंडिया के यह 5 सितारे मचाएंगे धूम

punjabkesari.in Thursday, Jan 13, 2022 - 11:37 AM (IST)

जालन्धर : भारतीय टीम विंडीज में 14 जनवरी से शुरू हो रहे अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप में कप्तान यश ढुल की अगुवाई में खेलेगी। टीम ने अभी-अभी एशिया कप जीता है। ऐसे में खिलाडिय़ों के हौसले बुलंद रहेंगे। वैसे भी विश्व कप में भारतीय टीम का प्रदर्शन अच्छा रहा है। वह 7 बार विश्व कप फाइनल में पहुंची है जहां 4 बार टाइटल जीत गया है। इस बार वह विश्व कप के 15वें एडिशन में हिस्सा लेंगे। आई.सी.सी. अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप के अमरीका, एशिया, इंगलैंड में होने वाले क्वालिफायर कोविड-19 के कारण रद्द हो गए। ऐसे में कई टीमें पिछली परफार्मेंस के आधार पर विश्व कप में एंट्री लेने में सफल रही। न्यूजीलैंड विश्व कप में नहीं खेलेगा।

टीम इंडिया के 5 प्लेयर जिनपर नजरें रहेंगी


यश ढुल : सितंबर में हुई वीनू मांकड़ ट्रॉफी में यश ने 5 मैचों में 75 की औसत से 302 रन बनाए। उन्होंने टीम इंडिया को एशिया कप में विजय दिलवाई। अब विश्व कप में वह टीम इंडिया के कप्तान होंगे। यश ने 4 यूथ वनडे मैचों में 52 रन बनाए हैं।

हरनूर सिंह : 4 यूथ वनडे में 131 रन बना चुके। वह बांगलादेश के खिलाफ 111, यू.ए.ई. के खिलाफ 120, पाकिस्तान के खिलाफ 46 तो अफगानिस्तान के खिलाफ 65 रन बनाकर चर्चा में आए। एशिया कप में वह मैन ऑफ द टूर्नामैंट रहे। 

आर.एस. हैंगरगेकर : भारत की तेज गेंदबाजी की कमान संभालेंगे। लिस्ट ए के पांच मैचों में 10 विकेट ले चुके। बल्लेबाज भी हैं- 10वें नंबर पर खेलते हुए 41 रन भी बना चुके। एशिया कप के चार मैचों में 49 रन बनाकर 5 विकेट चटकाने में सफल रहे।

निशांत सिद्धू : 4 यूथ वनडे में 32 रन बनाए 2 विकेट भी चटकाए। एशिया कप में औसत प्रदर्शन रहा लेकिन विश्व कप के वॉर्म अप मैच में विंडीज के खिलाफ नाबाद 78 रन बनाए। ऑलराऊंडर की भूमिका निभाएंगे। इन पर नजरें बनी रहेंगी।

राज बावा : हॉकी लीजैंड त्रिलोचन बावा के बेटे राज क्रिकेट में हुनर दिखा रहे हैं। उन्होंने एशिया कप के 4 मैचों में 8 विकेट लेने के अलावा उपयोगी रन भी बनाए। उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ खेलते हुए 56 रन देकर 4 विकेट भी चटकाए थे।

अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप में भारत 
मैच 83, जीत 63, हार 19, नो रिजल्ट 1, जीत प्रतिशत 76.83 

आईसीसी अंडर-19 विश्व कप 2022
ग्रुप ए : बांग्लादेश, इंग्लैंड, कनाडा, यूएई
ग्रुप बी : भारत, आयरलैंड, दक्षिण अफ्रीका, युगांडा
ग्रुप सी : अफगानिस्तान, पाकिस्तान, पी.एन.जी., जिम्बाब्वे
ग्रुप डी : ऑस्ट्रेलिया, स्कॉटलैंड, श्रीलंका, वेस्टइंडीज

भारत अंडर-19 विश्व कप टीम
यश ढुल (कप्तान), हरनूर सिंह, अंगक्रिश रघुवंशी, एस.के. रशीद (उपकप्तान), निशांत सिंधु, सिद्धार्थ यादव, अनीश्वर गौतम, दिनेश बाना, आराध्या यादव, राज अंगद बावा, मानव पारख, कौशल तांबे, आर.एस. हैंगरगेकर, वासु वत्स, विक्की ओस्तवाल, रविकुमार, गर्व सांगवान।
रिजर्व : ऋषि रेड्डी, उदय सहारन, अंश गोसाईं, अमृत राज उपाध्याय, अमृत राज उपाध्याय।

टीम इंडिया के मुकाबले 
15 जनवरी : बनाम द. अफ्रीका, शाम 7.30 बजे
19 जनवरी : बनाम आयरलैंड, शाम 7.30 बजे
22 जनवरी : बनाम युगांडा, शाम 7.30 बजे से

इसलिए टीम इंडिया खास
11 लगातार मैच विश्व कप में जीते (2018 से 2020 तक)
5 बार टीम इंडिया के प्लेयर विश्व कप में बन चुके हैं  प्लेयर ऑफ द टूर्नामैंट (2000 में युवराज सिंह, 2004 में शिखर धवन, 2006 में चेतेश्वर पुजारा, 2018 शुभमन गिल और 2020 एडिशन में यशस्वी जायसवाल)
425 रन एक पारी में बना चुकी टीम इंडिया 2004 एडिशन में (धवन ने बनाए थे 155, उथप्पा ने 97 तो रैना ने 38 गेंदों में 90 रन)
505 रन सर्वाधिक टूर्नामैंट में बनाने का रिकॉर्ड शिखर धवन (2004) के नाम 

विश्व कप के विजेता
1988 ऑस्ट्रेलिया (छठा)
1998 इंगलैंड (5वां)
2000 भारत (पहला)
2002 ऑस्ट्रेलिया (तीसरा)
2004 पाकिस्तान (तीसरा)
2006 पाकिस्तान (दूसरा)
2008 भारत (पहला)
2010 ऑस्ट्रेलिया (छठा)
2012 भारत (पहला)
2014 स. अफ्रीका (5वां)
2016 विंडीज (दूसरा)
2018 भारत (पहला)
2020 बांगलदेश (दूसरा)

टीम इंडिया ने 4 बार टाइटल जीता

टीम इंडिया ने पहली बार 2000 में टाइटल जीता था तब भारत की कप्तान मोहम्मद कैफ ने की थी। पहले खेलते श्रीलंका 178 रन पर ऑल आऊट हो गई थी। जवाब में टीम इंडिया ने 6 विकेट से मुकाबला जीता। इसके बाद 2008 में विराट कोहली ने साऊथ अफ्रीका के खिलाफ टाइटल जितवाया। 2012 में उन्मुक्त चंद ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शतक लगाकर अपनी टीम को विजयी बनाया। आखिरी बार 2018 में टीम इंडिया पृथ्वी शॉ की कप्तानी में जीती जब ऑस्ट्रेलिया के बनाए 216 रनों के जवाब में भारत ने मनोज कालड़ा के 101 रन की बदौलत जीत हासिल की।

Content Writer

Jasmeet