यूपी ने जूनियर राष्ट्रीय हॉकी में जीता स्वर्ण, सत्र में 4 टूर्नामैंट जीते

punjabkesari.in Wednesday, Jan 05, 2022 - 03:21 PM (IST)

लखनऊ : 30 साल बाद खिताबी सूखा खत्म करते हुए उत्तर प्रदेश (यूपी) की पुरुष जूनियर हॉकी टीम ने चंडीगढ़ को फाइनल में 3-1 से मात देकर स्वर्णिम सफलता हासिल करते हुए इतिहास रच दिया। यही नहीं टोक्यो ओलिम्पिक में 41 साल भारतीय हॉकी टीम के पदक जीतने के चलते बदले माहौल में यूपी हॉकी टीम ने इस सत्र में 6 में से चार पदक जीतकर परचम लहरा दिया। इन पदक विजेता खिलाड़यिों के स्वागत के क्रम में यूपी की स्वर्ण पदक विजेता जूनियर हॉकी टीम का मंगलवार शाम को वापसी पर लखनऊ के केडी सिंह बाबू स्टेडियम में भव्य स्वागत किया गया। 

यूपी ने 11वीं जूनियर राष्ट्रीय पुरुष हॉकी चैंपियनशिप के फाइनल में चंडीगढ को 3-1 से मात दी। पूरे टूर्नामेंट में यूपी टीम ने सभी मैचों में जीत दर्ज की। इससे पहले यूपी टीम ने क्वार्टर फाइनल में दिल्ली को 9-0 और सेमीफाइनल में हरियाणा को 8-3 से मात दी थी। वहीं लीग दौर में यूपी ने उत्तराखंड को 11-0 से और मध्य प्रदेश को 12-2 से मात दी थी। यूपी टीम में शामिल अंतररष्ट्रीय सितारे लखनऊ के शारदानंद तिवारी ने सर्वाधिक 14 गोल दागे। वहीं अरुण साहनी ने 12 गोल किए। इस टीम में शारदानंद तिवारी, अरुण साहनी, आमिर अली, मनीष साहनी, विकास गौड़ व गोलकीपर प्रतीक निगम सहित लखनऊ के 6 खिलाड़ी शामिल थे। 

उत्तर प्रदेश के खेल निदेशक डा.आरपी सिंह ने यूपी सरकार की ओर से टीम के लिए साढ़े 5 लाख रुपए नगद पुरस्कार की घोषणा की। यूपी की हॉकी टीम ने राष्ट्रीय स्तर पर हुए टूर्नामेंटों में 6 में से 4 पदक जीतकर अपनी काबिलियत का लोहा मनवा दिया है। यूपी हॉकी के उपाध्यक्ष विनय कुमार राय ने कहा कि तमिलनाडु में हुई 11वीं हॉकी इंडिया जूनियर पुरुष राष्ट्रीय हॉकी चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश टीम ने एक बार फिर से स्वर्ण पदक जीतकर यूपी हॉकी का झंडा बुलंद कर दिया है और विश्वास जताया कि ये सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। 

Content Writer

Jasmeet