बेन स्टोक्स के रिटायरमेंट वीडियो पर मचा बवाल, ICC ने इंग्लैंड बोर्ड से मांगा जवाब

punjabkesari.in Thursday, Jul 09, 2026 - 12:57 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : इंग्लैंड के दिग्गज ऑलराउंडर बेन स्टोक्स के रिटायरमेंट भाषण का ड्रेसिंग रूम वीडियो सार्वजनिक करना अब इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) के लिए मुश्किल खड़ी कर सकता है। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए ECB से आधिकारिक जवाब मांगा है। ICC का मानना है कि खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम का वीडियो सार्वजनिक करना उसके तय प्रोटोकॉल का उल्लंघन हो सकता है।

क्या है पूरा मामला?

यह वीडियो न्यूजीलैंड के खिलाफ ट्रेंट ब्रिज में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के दौरान रिकॉर्ड किया गया था। चौथे दिन टी ब्रेक के समय बेन स्टोक्स ने अपने साथियों को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की जानकारी दी। वीडियो में इंग्लैंड के मुख्य कोच ब्रेंडन मैकुलम, सलामी बल्लेबाज बेन डकेट और अन्य खिलाड़ी स्टोक्स के भाषण के बाद तालियां बजाते नजर आए। इसके कुछ समय बाद यह वीडियो सोशल मीडिया पर साझा कर दिया गया।

ICC ने क्यों उठाया सवाल?

ICC के नियमों के अनुसार खिलाड़ियों और मैच अधिकारियों के लिए निर्धारित प्रतिबंधित क्षेत्र (Players and Match Officials' Area) में वीडियो रिकॉर्डिंग और उसके प्रसारण को लेकर सख्त दिशानिर्देश हैं। नियमों के मुताबिक ड्रेसिंग रूम में ऐसे कैमरे या रिकॉर्डिंग उपकरण नहीं होने चाहिए, जिनका उपयोग वीडियो या ऑडियो प्रसारण के लिए किया जाए। यदि किसी कारणवश वहां से कोई मीडिया सामग्री ली भी जाती है तो उसे मैच समाप्त होने से पहले सार्वजनिक नहीं किया जा सकता। ICC का मानना है कि स्टोक्स के भाषण का वीडियो इन नियमों का उल्लंघन करता है।

ICC ने ECB से मांगा स्पष्टीकरण

मामले को लेकर ICC ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल से ठीक पहले ECB को आधिकारिक पत्र भेजा। इसके अलावा ICC अध्यक्ष जय शाह ने ECB के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रिचर्ड थॉम्पसन से भी इस मुद्दे पर मुलाकात की। हालांकि खबर लिखे जाने तक ECB की ओर से इस मामले पर कोई आधिकारिक जवाब नहीं दिया गया था।

स्टोक्स ने क्यों किया था बीच मैच में ऐलान?

बेन स्टोक्स ने बाद में बताया कि उन्होंने टीम प्रबंधन से कहा था कि रिटायरमेंट की घोषणा की पूरी योजना माइकल लम्ब और नील फेयरब्रदर तैयार करें। उन्होंने अपने साथियों के बीच ही अपने फैसले की जानकारी साझा की थी, जिसका वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अब यह वीडियो ECB के लिए प्रशासनिक और कानूनी विवाद का कारण बन गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News