Alex Morgan के 2 गोल से अमरीकी महिला फुटबॉल टीम ने हैती को हराया

punjabkesari.in Tuesday, Jul 05, 2022 - 10:01 PM (IST)

मोंटेरी : एलेक्स मोर्गन के दो गोल की मदद से अमरीकी महिला फुटबॉल टीम ने कोनकाकाफ महिला चैंपियनशिप के पहले मैच में हैती को 3-0 से हराया। इस टूर्नामेंट से आस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की सहमेजबानी में होने वाले 2023 महिला विश्व कप के लिए क्षेत्र से सीधे क्वालीफाई करने वाली चार टीम का फैसला होगा। दो बार के गत विश्व कप विजेता अमरीका की ओर से मोर्गन के अलावा मिज प्युर्स ने भी एक गोल दागा।

मोर्गन ने 16वें और 23वें मिनट में गोल दागे जबकि मिज ने 84वें मिनट में गोल किया। टूर्नामेंट के लिए 8 टीम को दो ग्रुप में बांटा गया है। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीम विश्व कप के लिए क्वालीफाई करेंगी। प्रत्येक ग्रुप की तीसरी टीम 10 टीम के अंतरमहाद्वीपीय प्ले आफ में जगह बनाएंगी जिसका आयोजन फरवरी में न्यूजीलैंड में होगा। महिला चैंपियनशिप का विजेता 2024 ओलंपिक के लिए भी क्वालीफाई करेगा।

Content Writer

Jasmeet