वैभव सूर्यवंशी भारत के लिए डेब्यू करने को तैयार, टूटेगा सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड
punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 04:19 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : वैभव सूर्यवंशी उन खिलाड़ियों में शामिल हैं जिन्हें जून 2026 में आयरलैंड के T20I दौरे के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। राजस्थान रॉयल्स के लिए IPL में अपने शानदार प्रदर्शन के बाद (पिछले सीजन में रिकॉर्ड 35 गेंदों में शतक जड़ा था और IPL 2026 में अब तक कई मैच जिताऊ पारियां खेली) यह युवा खिलाड़ी भारत के लिए खेलने वाला सबसे कम उम्र का खिलाड़ी बन सकता है। इतनी कम उम्र में ही क्रिकेट के रिकॉर्ड तोड़ने की उम्मीदों के बीच BCCI के चयनकर्ता इस साल ही उनके भारत डेब्यू की प्रक्रिया को तेजी से आगे बढ़ा सकते हैं।
जहां शेफाली वर्मा 2000 के बाद से दोनों वर्गों (पुरुष और महिला) में भारत के लिए डेब्यू करने वाली सबसे कम उम्र की खिलाड़ी (15 साल और 239 दिन) हैं, वहीं दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर देश के सबसे कम उम्र के पुरुष क्रिकेटर (16 साल और 205 दिन) थे। एक रिपोर्ट के मुताबिक सूर्यवंशी आयरलैंड दौरे के लिए दावेदारों में शामिल हैं और चयनकर्ताओं ने कई अन्य खिलाड़ियों के साथ उनका नाम भी शॉर्टलिस्ट किया है।'
IPL 2026 के बाद भारत मुल्लनपुर में अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट मैच की मेजबानी करेगा जिसके बाद टीम व्हाइट-बॉल सीरीज के लिए UK रवाना होगी। जहां भारत 1 जुलाई से शुरू होने वाली 5 T20I और तीन ODI मैचों की सीरीज में इंग्लैंड का सामना करेगा। वहीं आयरलैंड का दौरा सिर्फ दो T20I मैचों (26 और 28 जून) का होगा, जो बेलफास्ट में खेले जाएंगे।
इस बाएँ हाथ के सलामी बल्लेबाज ने पिछले साल IPL में डेब्यू करने के बाद से ही सुर्खियाँ बटोरी हैं और टूर्नामेंट के अंदर और बाहर दोनों जगह रिकॉर्ड तोड़े हैं। इस बीच इंडिया-ए और भारत की अंडर-19 टीमों का प्रतिनिधित्व करते हुए जिसमें हाल ही में U-19 ODI विश्व कप जीतना भी शामिल है, वैभव ने अपनी प्रतिभा और रनों की भूख का प्रदर्शन किया है जिससे चयनकर्ता काफी प्रभावित हुए हैं। जहां एक तरफ उनके चयन को लेकर चर्चाएं जारी हैं, वहीं दूसरी तरफ, ऐसा बताया जा रहा है कि टीम प्रबंधन से जुड़े लोगों ने उन्हें अंतरराष्ट्रीय मंच पर लाने का मन बना लिया है।

