IPL 2026: ''मैं कभी भी दो-तीन चौके या छक्के लगा सकता हूं, इसलिए जल्दबाजी नहीं की'': वैभव सूर्यवंशी
punjabkesari.in Wednesday, May 20, 2026 - 11:38 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्कः राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से आईपीएल 2026 में तहलका मचा दिया। लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जयपुर में खेले गए मुकाबले में 15 वर्षीय बल्लेबाज ने सिर्फ 38 गेंदों में 93 रन ठोककर टीम को शानदार जीत दिलाई। मैच के बाद वैभव ने अपनी पारी को लेकर बड़ा बयान दिया और बताया कि उन्होंने शुरुआत में संयम से बल्लेबाजी क्यों की।
वैभव सूर्यवंशी ने कहा कि उन्हें अपनी ताकत पर पूरा भरोसा था और वह जानते थे कि वह किसी भी समय लगातार चौके-छक्के लगा सकते हैं। इसी वजह से उन्होंने शुरुआत में जल्दबाजी नहीं की और विकेट पर समय बिताने की कोशिश की। उन्होंने कहा, 'मेरी सोच यही थी कि मैं कभी भी दो-तीन चौके या छक्के लगा सकता हूं। इसलिए मैंने शुरुआत में ज्यादा जल्दबाजी नहीं की और मैच को आखिर तक ले जाने की कोशिश की।'
विकेट को समझकर खेली शानदार पारी
युवा बल्लेबाज ने बताया कि गेंदबाजी के दौरान बाहर बैठकर उन्होंने पिच को अच्छी तरह समझ लिया था। उन्हें महसूस हो गया था कि विकेट बल्लेबाजी के लिए शानदार है, इसलिए उन्होंने शुरुआत में थोड़ा समय लेने का फैसला किया।
वैभव ने कहा, 'जब मैं बाहर बैठा था तब मैंने देखा कि विकेट काफी अच्छा है। मैंने सोचा कि शुरुआत में ज्यादा जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए। अगर मैं ज्यादा देर तक बल्लेबाजी करूंगा तो दूसरे बल्लेबाज को भी मदद मिलेगी।'
वैभव और जुरेल ने खत्म किया मैच
221 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स की शुरुआत आक्रामक रही। यशस्वी जायसवाल ने तेज 43 रन बनाए, लेकिन असली तूफान वैभव सूर्यवंशी ने खड़ा किया। उन्होंने 38 गेंदों में 93 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 10 छक्के और 7 चौके शामिल रहे। दूसरी ओर ध्रुव जुरेल ने भी नाबाद 53 रन बनाए। दोनों बल्लेबाजों की शानदार साझेदारी ने लखनऊ सुपर जायंट्स से मैच पूरी तरह छीन लिया।
सबसे कम उम्र में बनाया बड़ा रिकॉर्ड
इस पारी के साथ वैभव सूर्यवंशी आईपीएल के एक सीजन में 500 रन पूरे करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए। उन्होंने ऋषभ पंत का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2018 में दिल्ली डेयरडेविल्स (अब दिल्ली कैपिटल्स) के लिए 20 साल की उम्र में यह उपलब्धि हासिल की थी।
यशस्वी जायसवाल ने भी की जमकर तारीफ
राजस्थान रॉयल्स के कार्यवाहक कप्तान यशस्वी जायसवाल ने मैच के बाद टीम के प्रदर्शन की जमकर सराहना की। उन्होंने जोफ्रा आर्चर और बृजेश शर्मा की गेंदबाजी की तारीफ करते हुए कहा कि बल्लेबाजों ने मैच पूरी तरह खत्म कर दिया। जायसवाल ने कहा, 'हर खिलाड़ी ने मेहनत की और टीम के लिए योगदान दिया। हमें पता था कि विकेट बल्लेबाजी के लिए अच्छा है। पावरप्ले में जोफ्रा की गेंदबाजी शानदार रही। वहीं वैभव और ध्रुव ने बल्लेबाजी से मैच खत्म कर दिया।'
मैच का परिणाम
राजस्थान रॉयल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराया। लखनऊ सुपर जायंट्स: 220/5,राजस्थान रॉयल्स: 225/3; जीत: राजस्थान रॉयल्स 7 विकेट से.

