विनेश, सिंधू, मेरीकाम बीबीसी की साल की सर्वश्रेष्ठ महिला खिलाड़ी के पुरस्कार की दौड़ में

punjabkesari.in Tuesday, Feb 04, 2020 - 01:32 PM (IST)


नई दिल्ली : पहलवान विनेश फोगाट, बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू, मुक्केबाज एमसी मेरीकाम, धावक दुती चंद और पैरा-बैडमिंटन खिलाड़ी मानसी जोशी पहली बार दिए जा रहे ‘बीबीसी साल की सर्वश्रेष्ठ भारतीय महिला खिलाड़ी’ पुरस्कार की दौड़ में शामिल हैं। इस पुरस्कार को 8 मार्च को दिया जाएगा जहां विजेता का फैसला बीबीसी की छह भारतीय भाषाओं की वेबसाइटों पर आनलाइन मतदान के जरिए होगा। यह मतदान 18 फरवरी तक किये जा सकेंगे।

विनेश ने नूर सुल्तान में हुई विश्व चैम्पियनशिप (2019) में कांस्य पदक जीतकर तोक्यो ओलंपिक का टिकट पक्का किया था जबकि सिंधू पिछले साल विश्व चैम्पियनशिप का खिताब जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बनीं। मानसी जोशी ने पैरा बैडमिंटन वल्र्ड चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। मेरीकाम विश्व चैम्पियनशिप में छह स्वर्ण के साथ आठ पदक जीतने वाली इकलौती भारतीय हैं। दुती ने 2018 जकार्ता एशियाई खेलों में 100 मीटर में रजत पदक हासिल किया था।

बीबीसी की भारतीय भाषाओं की प्रमुख रूपा झा ने बताया कि नामांकित खिलाडिय़ों को 40 प्रतिष्ठित खेल पत्रकारों के एक पैनल द्वारा चुना गया है। रूपा ने यहां संवादाता सम्मेलन में कहा- हमने अपने पैनल के सदस्यों को अपने उम्मीदवार (खिलाड़ी) चुनने के लिए कहा था। जिन पांच एथलीटों को सबसे अधिक मत मिले उनका चयन नामितों के रूप में किया गया है।

Jasmeet