विराट कोहली ने रचा इतिहास, नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए हासिल की बड़ी उपलब्धि

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 03:34 PM (IST)

ऑकलैंड: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली। कोहली वनडे क्रिकेट में नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए 13,000 रन पूरे करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए मुकाबले में यह खास मुकाम हासिल किया।

13 हजार रन पूरे करने वाले पहले बल्लेबाज बने विराट

न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले से पहले विराट कोहली को नंबर-3 पर अपने 13,000 वनडे रन पूरे करने के लिए केवल 12 रनों की जरूरत थी। उन्होंने अपनी पारी के 13वें गेंद पर यह उपलब्धि हासिल की। भारत की रन चेज के सातवें ओवर में कोहली ने यह ऐतिहासिक आंकड़ा छुआ और क्रिकेट की रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज करा लिया।

सिर्फ 251 पारियों में हासिल की उपलब्धि

विराट कोहली ने नंबर-3 पर बल्लेबाजी करते हुए केवल 251 पारियों में 13,000 रन पूरे किए हैं। इस दौरान उनका औसत 61.55 रहा है। उनके नाम इस पोजीशन पर 48 शतक और करीब 70 अर्धशतक दर्ज हैं। उनका यह प्रदर्शन वनडे क्रिकेट में उनकी निरंतरता और शानदार बल्लेबाजी का प्रमाण है।

रिकी पोंटिंग को छोड़ा पीछे

नंबर-3 पर वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग को पीछे छोड़ दिया है। पोंटिंग ने अपने वनडे करियर में इस पोजीशन पर 330 पारियों में 12,662 रन बनाए थे। उनका औसत 42.48 रहा था। कोहली और पोंटिंग ही ऐसे दो बल्लेबाज हैं, जिन्होंने इस पोजीशन पर 10,000 से ज्यादा वनडे रन बनाए हैं।

नंबर-3 पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज

वनडे क्रिकेट में नंबर-3 पर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट कोहली पहले स्थान पर पहुंच गए हैं। इस सूची में रिकी पोंटिंग दूसरे और श्रीलंका के कुमार संगकारा तीसरे स्थान पर हैं। वहीं जैक्स कैलिस, केन विलियमसन, बाबर आजम और जो रूट भी इस सूची में शामिल हैं।

इस प्रकार है टॉप बल्लेबाजों की सूची:

विराट कोहली – 13,000 रन, औसत 61.55
रिकी पोंटिंग – 12,662 रन, औसत 42.48
कुमार संगकारा – 9,747 रन, औसत 44.71
जैक्स कैलिस – 7,774 रन, औसत 45.72
केन विलियमसन – 6,504 रन, औसत 51.61
बाबर आजम – 6,054 रन, औसत 55.54
जो रूट – 5,525 रन, औसत 53.12.


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News