IPL 2026 में विराट कोहली रच सकते हैं इतिहास, ये 5 बड़े रिकॉर्ड टूटने की कगार पर

punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 05:16 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2025 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाने वाले Virat Kohli IPL 2026 में कई बड़े रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। 37 साल की उम्र में भी विराट शानदार फॉर्म में हैं और लगातार तीन सीजन में 600+ रन बना चुके हैं। इस सीजन वह न सिर्फ टीम के लिए अहम खिलाड़ी होंगे, बल्कि कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी अपने नाम कर सकते हैं।

1. IPL में 9000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज

विराट कोहली IPL इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। वह 2024 में 8000 रन पूरे करने वाले पहले खिलाड़ी बने थे। IPL 2026 से पहले उनके नाम 8661 रन हैं और उन्हें 9000 रन तक पहुंचने के लिए सिर्फ 339 रन की जरूरत है। अगर वह ऐसा करते हैं तो IPL इतिहास में 9000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।

2. एक ही फ्रेंचाइजी के लिए 10,000 रन

विराट कोहली Royal Challengers Bengaluru के लिए 9000 से ज्यादा रन बना चुके हैं (IPL + चैंपियंस लीग T20)। अगर वह इस सीजन 915 रन बना लेते हैं तो एक ही फ्रेंचाइजी के लिए 10,000 T20 रन बनाने वाले दुनिया के पहले खिलाड़ी बन जाएंगे। यह एक ऐतिहासिक रिकॉर्ड होगा।

3. 300 छक्के लगाने वाले खिलाड़ियों के क्लब में एंट्री

विराट कोहली के नाम फिलहाल IPL में 291 छक्के हैं। अगर वह 9 छक्के और लगा देते हैं तो IPL में 300 छक्के लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन जाएंगे। उनसे पहले यह कारनामा Chris Gayle और Rohit Sharma कर चुके हैं।

4. एक ही मैदान पर 4000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी

बेंगलुरु का M. Chinnaswamy Stadium विराट कोहली का होम ग्राउंड है। वह पहले ही इस मैदान पर सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। उन्हें इस मैदान पर 4000 रन पूरे करने के लिए 382 रन की जरूरत है। ऐसा करते ही वह एक ही मैदान पर 4000 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।

5. अपने ही 973 रन के रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं

विराट कोहली ने 2016 के IPL सीजन में 973 रन बनाए थे, जो एक सीजन में सबसे ज्यादा रन का रिकॉर्ड है। एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर विराट इसी फॉर्म में रहे तो वह अपना ही यह रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं और तीसरी बार ऑरेंज कैप जीत सकते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News