विराट कोहली को लगा बड़ा झटका, बचपन के कोच का हुआ निधन

punjabkesari.in Saturday, May 22, 2021 - 03:04 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय टीम के कप्तान विराट कोहली के बचपन के कोच सुरेश बत्रा का निधन हो गया है। उनकी उम्र 53 साल थी। विराट कोहली के कोच रहे सुरेश बत्रा ने उनकी बल्लेबाजी में निखार लाने में मदद की थी। सुरेश बत्रा ने विराट के मुख्य कोच राजकुमार शर्मा के साथ उनकी बल्लेबाजी पर काफी मेहनत की। विराट कोहली के बचपन के कोच सुरेश बत्रा के निधन की जानकारी वरिष्ठ पत्रकार ने सोशल मीडिया पर दी।

खेल के वरिष्ठ पत्रकार विजय लोकपल्ली ने ट्वीट करते हुए यह जानकारी दी कि विराट कोहली को क्रिकेट की कोचिंग देने वाले उनके बचपन के कोच सुरेश बत्रा का निधन हो गया है। जैसे ही उन्होंने अपनी रोज की पूजा करके खत्म की वह जमीन पर गिर पड़े। सुरेश बत्रा की निधन की खबर सुनकर विराट के कोच राजकुमार शर्मा ने अपना बयान दिया है।

राजकुमार शर्मा ने सुरेश बत्रा के निधन पर कहा कि मुझे इसका बहुत दुख है। आज मैंने अपने छोटे भाई को खो दिया है। मैं उन्हें 1985 से जानता था। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे। विराट कोहली के कोच की निधन पर सोशल मीडिया पर विराट को फैंस ने भी शोक व्यक्त किया। सुरेश बत्रा और राजकुमार शर्मा ने दिल्ली के कई खिलाड़ियों को कोचिंग दी है। 

सुरेश बत्रा ने युवा खिलाड़ी मनजोत कालड़ा को भी कोचिंग दी हुई थी। मनजोत ने साल 2018 में अंडर19 विश्व कप के फाइनल मैच में शतक लगाया था और टीम को विश्व कप दिलाने में मदद की थी। बताया जाता है कि विराट अपने कोच सुरेश बत्रा के साथ काफी करीबी थे। 

Content Writer

Raj chaurasiya