हर कोई बात कर रहा है कि यह IPL अगली पीढ़ी का है, कोहली ने आलोचकों को शतक से जवाब दिया : गावस्कर

punjabkesari.in Thursday, May 14, 2026 - 05:46 PM (IST)

रायपुर : भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने विराट कोहली की तारीफ करते हुए कहा कि इस चैम्पियन बल्लेबाज ने साबित कर दिया है कि पुरानी पीढी अभी भी सर्वश्रेष्ठ है। पिछले दो मैचों में शून्य पर आउट हुए कोहली के 60 गेंदों में नाबाद 105 रन की मदद से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने IPL के मैच में KKR को 6 विकेट से हराकर अंकतालिका में पहला स्थान हासिल कर लिया। 

गावस्कर ने 'स्टार स्पोटर्स' पर कहा, 'विराट कोहली ने KKR के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। लक्ष्य का पीछा करने में उसका कोई सानी नहीं है। हर कोई बात कर रहा है कि यह सत्र अगली पीढ़ी का है लेकिन कोहली ने दिखा दिया कि वह अभी भी है। उसने आलोचकों को शतक से जवाब दिया और आरेंज कैप की दौड़ में तीसरे नंबर पर पहुंच गया। उसने साबित कर दिया कि पुरानी पीढ़ी अभी भी सर्वश्रेष्ठ है।' 

उन्होंने कहा, 'टी20 शतकों के मामले में वह 10 शतक के साथ क्रिस गेल और बाबर आजम के बाद तीसरे नंबर पर है। उसने टी20 क्रिकेट में सबसे तेजी से 14000 रन पूरे किए और IPL में नौ शतक लगा चुका है। रिकॉर्ड टूटने के लिए बनते हैं लेकिन कोहली अगर मैच दर मैच, सत्र दर सत्र ऐसे ही खेलता रहा तो किसी को भी वहां तक पहुंचने में लंबा समय लगेगा।' 

गावस्कर ने यह भी कहा कि KKR द्वारा कोहली का कैच टपकाना मैच का निर्णायक पल रहा। उन्होंने कहा, 'RCB के खिलाफ मैच से पहले केकेआर कैच लपकने के मामले में बेहतरीन थी लेकिन यह कैच छोड़ना काफी महंगा पड़ा।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News