विराट कोहली ने बतौर टेस्ट कप्तान बनाए यह बड़े रिकॉर्ड, टूटने हैं मुश्किल

punjabkesari.in Saturday, Jan 15, 2022 - 07:29 PM (IST)

खेल डैस्क : भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली ने टी-20, वनडे के बाद अब टेस्ट टीम की कप्तानी से भी इस्तीफा दे दिया है। विराट का यह फैसला साऊथ अफ्रीका में टीम इंडिया द्वारा सीरीज 1-2 से गंवाने के बाद आया है। विराट भारत के सबसे सफल टेस्ट कप्तानों में से एक हैं। भारत के लिए बतौर टेस्ट कप्तान उनके नाम कई बड़े रिकॉर्ड हैं जोकि टूटने काफी मुश्किल हैं। आइए जानते हैं-

68 - कोहली के नाम भारत के लिए कप्तान के रूप में सर्वाधिक टेस्ट मैच खेलने का रिकॉर्ड है। विराट कोहली ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वल्र्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में बतौर कप्तान अपना 61वां टेस्ट मैच खेला। उन्होंने भारत के कप्तान के रूप में एमएस धोनी के 60 टेस्ट के टैली को पीछे छोड़ा।

40- टेस्ट मैचों में 40 जीत के साथ कोहली सबसे सफल भारतीय टेस्ट कप्तान हैं। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में भारत के कुछ सबसे सफल कप्तानों को बेहद आसानी से पीछे छोड़ दिया है। उनके बाद एमएस धोनी कप्तान के रूप में 27 जीत के साथ हैं।

24 - विराट कोहली के पास अब भारत के लिए घर पर सबसे अधिक टेस्ट जीत हैं। न्यूजीलैंड के खिलाफ मुंबई टेस्ट में भारत की जीत कोहली की घर में 24वीं टेस्ट जीत थी। कोहली ने भारत के कप्तान के रूप में घर पर धोनी की 21 टेस्ट जीत की संख्या को पीछे छोड़ दिया।

20- कोहली ने कप्तान के रूप में भारत के लिए सर्वाधिक 20 टेस्ट शतक बनाए हैं। हालांकि ओवरऑल रिकॉर्ड में अभी भी साऊथ अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ (25) सबसे आगे हैंं। विराट का आखिरी टेस्ट शतक 2019 में भारत के पहले पिंक-बॉल टेस्ट में बांग्लादेश के खिलाफ आया था।

7- कोहली ने अपने टेस्ट करियर में सात दोहरे शतक बनाए हैं। संयोग से वह सभी टेस्ट में भारतीय टीम के कप्तान रहे। यह उन्हें किसी भी टेस्ट कप्तान के लिए सबसे अधिक दोहरे शतकों की सूची में पहले स्थान पर रखता है।

1 - कोहली के नाम कप्तान के तौर पर भारत के लिए सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने का रिकॉर्ड भी है। विराट ने अब तक 66 टेस्ट में 55.36 की औसत से 5703 रन बनाए हैं, जिसमें दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 254* का सर्वोच्च स्कोर शामिल है।

Content Writer

Jasmeet