''विराट कोहली, प्लीज मुझे फॉलो बैक करें'', DPL स्टार ने भारत के दिग्गज बल्लेबाज से की गुजारिश
punjabkesari.in Wednesday, Aug 26, 2026 - 11:38 AM (IST)
नई दिल्ली : मेधावी बिधूरी तेजी से महिला दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में चर्चा का विषय बन गई हैं। उनके अनोखे '6-7' विकेट सेलिब्रेशन ने सोशल मीडिया पर धूम मचा दी है। लेकिन दिल्ली की इस लेग-स्पिनर ने विराट कोहली से एक गुजारिश है। वह चाहती हैं कि भारतीय दिग्गज विराट कोहली सोशल मीडिया पर उन्हें फॉलो बैक करें।
बिधूरी ने 20 अगस्त को सेंट्रल दिल्ली क्वींस के टूर्नामेंट के पहले मैच में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स की बल्लेबाज निशिका सिंह को आउट करने के बाद यह सेलिब्रेशन किया था। 20 साल की इस खिलाड़ी ने 2/24 के आंकड़े के साथ मैच खत्म किया, हालांकि उनकी टीम हार गई। उनकी नंबर 67 वाली जर्सी ने इस सेलिब्रेशन को और भी खास बना दिया, क्योंकि यह नंबर वायरल ट्रेंड से मेल खाता था। WDPL के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए मेधावी ने कहा, 'अब मेरे बहुत सारे फॉलोअर्स हो गए हैं, लेकिन मैं चाहती हूं कि वह (कोहली) मुझे फॉलो बैक करें।'
कोहली और मिताली को आदर्श मानती हैं बिधूरी
बिधूरी ने यह भी बताया कि कोहली और भारत की पूर्व कप्तान मिताली राज उन क्रिकेटरों में शामिल हैं जिन्हें वह सबसे ज्यादा पसंद करती हैं। उन्होंने कहा, 'विराट कोहली, जाहिर है, क्योंकि वह दिल्ली से हैं और मिताली राज बहुत धैर्यवान हैं। मैंने व्यक्तिगत रूप से उनके साथ कई कैंप में हिस्सा लिया है।'
कोहली के आस-पास होने के बावजूद, बिधूरी कभी भी भारत के पूर्व कप्तान से मिल नहीं पाई हैं। उन्होंने आगे कहा, 'मैं असल में कभी विराट से नहीं मिली हूं। जब वह DDCA में थे, तब मैं भी वहां वर्कआउट कर रही थी, लेकिन हम मिल नहीं पाए।' बिधूरी के आगे बढ़ने से वह विमेंस प्रीमियर लीग से जुड़ी चर्चाओं का भी हिस्सा बन गई हैं। वह WPL 2024 नीलामी के लिए रजिस्टर करने वाली खिलाड़ियों में शामिल थीं और अब उनकी नजर फ्रैंचाइजी टूर्नामेंट में मौका पाने पर है।
RCB सपनों की मंजिल
लेग-स्पिनर ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को अपनी पसंदीदा टीम के तौर पर चुना है, जिसमें कोहली के प्रति उनकी पसंद का भी अहम रोल है। उन्होंने कहा, 'अगर कोई भी टीम मुझे चुनती है तो मुझे खुशी होगी, लेकिन मेरी पसंदीदा टीम RCB है क्योंकि मैं वहां के कई लोगों को जानती हूं। शायद इसकी एक वजह विराट भी हैं।'
2025 DPL फाइनल बिधुरी की शानदार गेंदबाजी और टीम की जीत
इस लेग-स्पिनर ने अपने हालिया वायरल मोमेंट के अलावा भी लोगों का ध्यान खींचा है। बिधुरी ने 2025 DPL फाइनल में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के लिए खेलते हुए 3/26 का मैच-विनिंग स्पेल डाला, जिससे उनकी टीम ने सेंट्रल दिल्ली क्वींस को एक रन से हराकर खिताब जीता। बिधुरी कई सालों से दिल्ली के घरेलू क्रिकेट सेटअप का हिस्सा रही हैं और अंडर-19 लेवल पर दिल्ली का प्रतिनिधित्व भी कर चुकी हैं।

