IPL 2026: विराट कोहली ने ट्रैविस हेड से नहीं मिलाया हाथ, मैदान पर हुई तीखी बहस; video
punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 10:13 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 के 67वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने भले ही अंक तालिका में टॉप स्थान हासिल कर लिया, लेकिन मैच के बाद विराट कोहली और ट्रैविस हेड के बीच हुई तनातनी ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। हैदराबाद में खेले गए इस मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद ने RCB को 55 रन से हराया, लेकिन मैच खत्म होने के बाद दोनों खिलाड़ियों का व्यवहार सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
हैंडशेक के दौरान कोहली ने किया नजरअंदाज
मैच समाप्त होने के बाद जब दोनों टीमों के खिलाड़ी पारंपरिक हैंडशेक के लिए मैदान पर आए, तब ट्रैविस हेड ने विराट कोहली से हाथ मिलाने की कोशिश की। हालांकि, वायरल वीडियो में देखा गया कि कोहली बिना प्रतिक्रिया दिए आगे बढ़ गए और दूसरे खिलाड़ियों से मिलने लगे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Virat Kohli ignored Travis Head when he tried to shake hands with him after the match 😭#SRHvsRCB pic.twitter.com/urAY79pYQ0
— Indian Cricket (@IPL2025Auction) May 22, 2026
मैच के दौरान हुई थी तीखी बहस
दरअसल, विवाद की शुरुआत RCB की बल्लेबाजी के दौरान हुई। उस समय वेंकटेश अय्यर तेजी से रन बना रहे थे और इसी बीच ट्रैविस हेड ने कुछ टिप्पणी की। इसके बाद विराट कोहली अपने साथी खिलाड़ी के समर्थन में सामने आए और हेड से बहस करते दिखाई दिए।
कोहली ने मजाकिया अंदाज में हेड को गेंदबाजी करने का इशारा भी किया। इतना ही नहीं, उन्होंने ‘इम्पैक्ट प्लेयर’ का संकेत देकर हेड को चिढ़ाया, क्योंकि हेड को कई बार बल्लेबाजी के बाद सब्स्टीट्यूट कर दिया जाता है।
पावरप्ले में जल्दी आउट हुए कोहली और अय्यर
256 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए RCB को शुरुआती झटके लगे। वेंकटेश अय्यर ने 19 गेंदों में 44 रन की तूफानी पारी खेली, लेकिन ईशान मलिंगा ने उन्हें आउट कर दिया। इसके अगले ओवर में युवा गेंदबाज साकिब हुसैन ने विराट कोहली को चलता किया। कोहली 11 गेंदों में सिर्फ 15 रन बना सके।
ट्रैविस हेड ने गेंदबाजी में भी दिखाया कमाल
सनराइजर्स कप्तान पैट कमिंस ने पारी के 19वें ओवर में ट्रैविस हेड को गेंद थमाई। हेड ने अपने पहले ही ओवर में राजत पाटीदार का बड़ा विकेट हासिल किया। पाटीदार 39 गेंदों में 56 रन बनाकर आउट हुए। हेड ने अपने एकमात्र ओवर में सिर्फ 7 रन दिए। बल्लेबाजी में भी हेड ने तेज शुरुआत करते हुए 16 गेंदों पर 26 रन बनाए, जिसमें पांच चौके शामिल थे। हालांकि, उन्हें चौथे ओवर में रसिख सलाम डार ने बोल्ड कर दिया।
एलिमिनेटर में किससे भिड़ेगी SRH?
सनराइजर्स हैदराबाद ने लीग चरण 18 अंकों के साथ समाप्त किया, लेकिन नेट रनरेट के कारण टीम टॉप-2 में जगह नहीं बना सकी। अब SRH 27 मई को होने वाले एलिमिनेटर मुकाबले में चौथे स्थान पर रहने वाली टीम से भिड़ेगी। फिलहाल राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स और दिल्ली कैपिटल्स प्लेऑफ की दौड़ में बने हुए हैं।

