IPL 2026 : विराट कोहली की RCB को चेतावनी, बोले- अब मुकाबला और कठिन होगा
punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 01:05 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : Virat Kohli ने IPL 2026 से पहले अपनी टीम Royal Challengers Bengaluru के खिलाड़ियों को बड़ी चेतावनी दी है। विराट ने साफ कहा है कि इस बार सीजन और मुश्किल होने वाला है क्योंकि बाकी टीमें RCB को हराने के लिए पूरी ताकत लगाएंगी। IPL 2026 की शुरुआत 28 मार्च से होगी, जहां RCB का पहला मुकाबला Sunrisers Hyderabad से एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में होगा।
प्रैक्टिस सेशन में विराट ने खिलाड़ियों को किया मोटिवेट
RCB द्वारा शेयर किए गए एक वीडियो में विराट कोहली टीम के खिलाड़ियों को मोटिवेट करते नजर आए। उन्होंने कहा कि पिछले 2-3 सीजन में टीम ने काफी मेहनत की है और उसी मेहनत का नतीजा उन्हें पिछले साल ट्रॉफी के रूप में मिला।
विराट ने खिलाड़ियों से कहा कि इस बार चुनौती और बड़ी होगी, इसलिए अभी से पूरी ताकत लगानी होगी और एक भी सेशन बर्बाद नहीं करना है।
विराट कोहली ने कहा, 'हमने पिछले 2-3 साल में जो हासिल किया, उसके लिए बहुत मेहनत की। लेकिन अब चुनौती और कठिन होने वाली है क्योंकि बाकी टीमें हमें हराने के लिए पूरी ताकत लगाएंगी। हमें अभी से स्विच ऑन होना होगा और हर सेशन में 120% देना होगा।'
2025 में जीता था पहला IPL खिताब
RCB ने 2025 में अपना पहला IPL खिताब जीता था। फाइनल मुकाबले में RCB ने पंजाब किंग्स को 6 रन से हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। अब टीम IPL 2026 में अपने खिताब को डिफेंड करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी और लगातार दूसरी ट्रॉफी जीतने की कोशिश करेगी।
कोच एंडी फ्लावर ने टीम को बताया मजबूत
RCB के हेड कोच Andy Flower ने टीम को लेकर कहा कि इस बार ऑक्शन में टीम ने काफी अच्छे खिलाड़ियों को शामिल किया है, जिससे टीम पहले से ज्यादा मजबूत हुई है। उन्होंने कहा कि नए खिलाड़ियों को टीम के माहौल में ढालना और सीनियर खिलाड़ियों के साथ सही तालमेल बनाना इस सीजन का सबसे अहम हिस्सा होगा।
विराट कोहली के निशाने पर बड़ा रिकॉर्ड
विराट कोहली IPL इतिहास के सबसे सफल बल्लेबाजों में से एक हैं। उन्होंने IPL में 267 मैचों में 8661 रन बनाए हैं, जिसमें 8 शतक और 63 अर्धशतक शामिल हैं। IPL 2026 में विराट कोहली के पास एक और बड़ा रिकॉर्ड बनाने का मौका होगा। अगर वह इस सीजन में 9000 रन पूरे कर लेते हैं, तो वह IPL इतिहास में 9000 रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे।
RCB के लिए फिर सबसे अहम होंगे विराट
पिछले तीन सीजन में विराट कोहली लगातार 600 से ज्यादा रन बना चुके हैं। ऐसे में IPL 2026 में भी RCB की बल्लेबाजी काफी हद तक विराट कोहली पर ही निर्भर रहने वाली है। अगर RCB को लगातार दूसरा खिताब जीतना है, तो विराट कोहली का प्रदर्शन एक बार फिर टीम के लिए सबसे अहम होगा।

