विश्वनाथन आनंद बने फीडे के अंतरिम अध्यक्ष, अर्कादी द्वोरकोविच ने यूरोपीय संघ के प्रतिबंधों के बाद छोड़ा कार्यभार

punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 11:00 PM (IST)

नई दिल्ली (निकलेश जैन)। भारत के महान शतरंज खिलाड़ी और पांच बार के विश्व चैंपियन विश्वनाथन आनंद अब अंतरराष्ट्रीय शतरंज महासंघ (फीडे) के अंतरिम अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालेंगे। यह फैसला फीडे अध्यक्ष अर्कादी द्वोरकोविच द्वारा यूरोपीय संघ के 21वें प्रतिबंध पैकेज में अपना नाम शामिल किए जाने के बाद अपने अधिकारों और दायित्वों का स्वेच्छा से निलंबन करने के निर्णय के पश्चात लिया गया।

द्वोरकोविच ने अपने बयान में कहा कि वह यूरोपीय संघ के इस फैसले को गैरकानूनी और अनुचित मानते हैं तथा इसके खिलाफ सभी कानूनी विकल्पों का उपयोग करेंगे। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि जब तक अदालत या संबंधित प्राधिकरण कोई अंतिम निर्णय नहीं दे देते, तब तक उनके खिलाफ लगे प्रतिबंध फीडे के सामान्य कामकाज में बाधा बन सकते हैं। इसी कारण उन्होंने तत्काल प्रभाव से अपने अधिकारों और जिम्मेदारियों का स्वेच्छा से निलंबन करने का निर्णय लिया।

फीडे परिषद ने द्वोरकोविच के इस निर्णय को स्वीकार करते हुए फीडे संविधान के अनुच्छेद 19.2 के अनुसार उपाध्यक्ष विश्वनाथन आनंद को अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त कर दिया है। आनंद तब तक फीडे अध्यक्ष के सभी अधिकारों और दायित्वों का निर्वहन करेंगे, जब तक द्वोरकोविच पर यूरोपीय संघ और स्विट्जरलैंड के प्रतिबंध लागू रहेंगे।

विश्वनाथन आनंद वर्ष 2022 से फीडे के उपाध्यक्ष हैं और वैश्विक शतरंज प्रशासन में उनकी भूमिका लगातार महत्वपूर्ण रही है। अब अंतरिम अध्यक्ष के रूप में वह फीडे की सभी प्रमुख गतिविधियों, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं, प्रशासनिक निर्णयों और सामाजिक विकास कार्यक्रमों की जिम्मेदारी संभालेंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Niklesh Jain

Related News