कोरोना वॉरियर्स के नाम करेंगे टोक्यो ओलिम्पिक में जीता पदक : मनप्रीत सिंह

punjabkesari.in Monday, Jun 14, 2021 - 07:47 PM (IST)

बेंगलुरु : भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने देश के सभी कोरोना योद्धाओं का शुक्रिया अदा करने और उनके सम्मान के तौर पर टोक्यो ओलिम्पिक खेलों में अपने प्रदर्शन को उन्हें समर्पित करने की शपथ ली है। कृतज्ञता के प्रतीक के रूप में भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह ने सभी बाधाओं पर पार पाते हुए ओलिम्पिक खेलों में भारत के लिए पदक जीतने और इसे देश के फ्रंटलाइन वर्कर को समर्पित करने का संकल्प लिया है।

मनप्रीत ने हॉकी इंडिया द्वारा जारी एक वीडियो में कहा कि जैसा कि हम आगामी टोक्यो ओलिम्पिक खेलों 2020 के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं। हम भारत के लिए पदक जीतने के लिए सभी बाधाओं से लडऩे का वादा करते हैं और अगर हम कोई पदक जीतते हैं तो हम इसे अपने देश के सच्चे नायकों को समर्पित करना चाहेंगे। डॉक्टरों और फ्रंटलाइन वर्कर ने इस मुश्किल समय में हमारे देश को बचाने के लिए अथक परिश्रम किया है और लाखों लोगों की जान बचाई है। 

टोक्यो ओलिम्पिक खेलों के लिए अब 40 दिनों से भी कम समय शेष है। विश्व की चौथे नंबर की भारतीय टीम इसमें अपना सर्वश्रेष्ठ देना जारी रखना पसंद करेगी। यही वजह है कि बेंगलुरु स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (एसआई) केंद्र में खिलाड़ी और टीम अपने प्रशिक्षण में कोई कसर नहीं छोड़ रही है। कप्तान मनप्रीत ने कहा कि मौजूदा चयन ट्रायल में उनकी टीम ने जिस तरह का समर्पण दिखाया है, उसके लिए उन्हें अपनी टीम पर गर्व है।

मनप्रीत ने कहा कि ट्रायल्स के दौरान हम में से हर एक ने जिस तरह का समर्पण दिखाया है उसे देखकर मुझे सच में गर्व हो रहा है। ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना हर एथलीट के लिए बहुत बड़ा सम्मान और सपना होता है। हर कोई अपना बेस्ट देने के लिए एक-दूसरे को प्रोत्साहित कर रहा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Recommended News

Related News