''मेसी अर्जेटीना की कमजोरी भी बन सकते हैं'', विश्व कप सेमीफाइनल से पहले वेन रूनी का बड़ा बयान
punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 03:31 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच होने वाले महामुकाबले से पहले इंग्लैंड के पूर्व स्टार फुटबॉलर वेन रूनी ने लियोनेल मेसी को लेकर बड़ा बयान दिया है। रूनी का मानना है कि मेसी अर्जेंटीना के लिए रक्षात्मक रूप से कमजोरी साबित हो सकते हैं क्योंकि वह अक्सर पीछे आकर डिफेंस में मदद नहीं करते। हालांकि उन्होंने यह भी माना कि मेसी जैसे खिलाड़ी को रोकना किसी भी टीम के लिए बेहद मुश्किल काम है।
'मेसी डिफेंस में कमजोरी, लेकिन बड़े मैचों में बदल देते हैं खेल'
बीबीसी स्पोर्ट से बातचीत में रूनी ने कहा कि मेसी डिफेंस में ज्यादा योगदान नहीं देते, लेकिन बड़े मौकों पर उनका प्रभाव पूरी तरह मैच का रुख बदल देता है। रूनी ने कहा, 'मेसी अर्जेंटीना के लिए डिफेंसिव कमजोरी हो सकते हैं क्योंकि वह पीछे नहीं दौड़ते। लेकिन जूड बेलिंगहम की तरह उनके पास भी बड़े मौकों पर मैच बदलने की क्षमता है। उनकी सबसे बड़ी ताकत उनका निर्णय लेने का तरीका है। सही समय पर सही फैसला लेना उन्हें बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाता है।'
उन्होंने आगे कहा कि मेसी की मार्किंग केवल एक खिलाड़ी का काम नहीं है, बल्कि पूरी टीम को लगातार आपस में संवाद और सही पोजिशनिंग बनाए रखनी होगी।
मीका रिचर्ड्स ने मेसी को बताया सबसे बड़ा खतरा
इंग्लैंड के पूर्व डिफेंडर मीका रिचर्ड्स ने रूनी की राय से थोड़ा अलग नजरिया पेश किया। उनका मानना है कि मेसी का पीछे नहीं लौटना कमजोरी नहीं बल्कि उनकी सबसे बड़ी ताकत है। रिचर्ड्स के मुताबिक इंग्लैंड की टीम अर्जेंटीना से ज्यादा दौड़ सकती है, लेकिन मेसी किसी भी पल अपनी जादुई प्रतिभा से मैच का नतीजा बदल सकते हैं। उन्होंने मेसी की तुलना इंग्लैंड के स्टार मिडफील्डर जूड बेलिंगहम से करते हुए कहा कि दोनों खिलाड़ी बड़े मैचों में खास असर छोड़ते हैं।
गोल्डन बूट की रेस में भी मेसी बरकरार
क्वार्टर फाइनल में अर्जेंटीना ने स्विट्जरलैंड को 3-1 से हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई, जबकि इंग्लैंड ने नॉर्वे को 2-1 से मात दी।
हालांकि स्विट्जरलैंड के खिलाफ मेसी गोल नहीं कर सके और उनकी लगातार नौ मैचों की गोल स्कोरिंग स्ट्रीक समाप्त हो गई। इसके बावजूद वह गोल्डन बूट की रेस में मजबूती से बने हुए हैं।
किलियन एमबाप्पे – 8 गोल, 3 असिस्ट
लियोनेल मेसी – 8 गोल, 2 असिस्ट
जूड बेलिंगहम – 6 गोल, 1 असिस्ट
हैरी केन – 6 गोल, 1 असिस्ट
पहली बार विश्व कप में भिड़ेंगे मेसी और इंग्लैंड
39 वर्षीय लियोनेल मेसी ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 205 मैचों में 125 गोल किए हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि उन्होंने अब तक अर्जेंटीना की ओर से इंग्लैंड के खिलाफ एक भी मैच नहीं खेला है। अब फीफा विश्व कप 2026 के सेमीफाइनल में पहली बार मेसी इंग्लैंड के खिलाफ मैदान पर उतरेंगे, जहां दोनों टीमें फाइनल में जगह बनाने के लिए आमने-सामने होंगी।

