हम सफलता का अहंकार नहीं पाल रहे हैं, बल्कि विनम्रता से शुरुआत करेंगे: RCB निदेशक बोबाट
punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 06:54 PM (IST)
बेंगलुरु : रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के क्रिकेट निदेशक मो बोबाट ने मंगलवार को खिलाड़ियों से अपील की कि वे बीते सत्र में मिली इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की पहली ट्रॉफी के बाद अहंकार से बचें और नए सत्र में विनम्रता बनाए रखें। आरसीबी ने 2025 के फाइनल में पंजाब किंग्स को हराकर अपना पहला खिताब जीता था। बोबाट ने सत्र-पूर्व प्रेस वार्ता में कहा, 'यह एक नया अभियान है। पिछले साल हम 17 साल के बोझ के साथ नहीं थे, और इस साल हमें एक साल की सफलता के अहंकार के साथ भी नहीं चलना है। हमें विनम्रता के साथ शुरुआत करनी होगी।'
उन्होंने कहा, 'पहली ट्रॉफी जीतना अच्छा है क्योंकि इसका मतलब है कि हम भविष्य की ओर देख सकते हैं। अब हमें इस तरह के सवालों का जवाब ज्यादा नहीं देना पड़ेगा। उम्मीद है कि हम अपने सामने मौजूद चुनौतियों पर ध्यान केंद्रित कर पाएंगे।' बोबाट ने RCB के लंबे समय तक खिताब न जीत पाने को 'श्राप' के रूप में नहीं देखा। उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी क्रिकेट में खिलाड़ी बदलते रहते हैं, इसलिए हर कोई उस लंबे इंतजार के बोझ को समान रूप से महसूस नहीं करता। उन्होंने कहा, 'मैं इसे बदकिस्मती नहीं कहूंगा। फ्रेंचाइजी क्रिकेट बहुत ही अस्थिर होता है और खिलाड़ी आते-जाते रहते हैं। भले ही हमारे प्रशंसक और फ्रेंचाइजी 17 सालों से उस बहुप्रतीक्षित ट्रॉफी का इंतजार कर रहे हों, लेकिन इसमें शामिल सभी लोगों का नजरिया ऐसा नहीं है।'
उन्होंने कहा, 'उदाहरण के लिए अगर मैं खुद को देखूं तो यह RCB के साथ मेरा सिर्फ दूसरा सत्र था। मुझे इस बात का एहसास है कि हमने इतने सालों से ट्रॉफी नहीं जीती है, लेकिन मैं व्यक्तिगत रूप से उस बोझ को अपने ऊपर नहीं ले रहा था। इसलिए मुझमें नई ऊर्जा और उम्मीद है। यही बात टीम के अधिकांश खिलाड़ियों पर भी लागू होती है।' उन्होंने हालांकि टीम के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली का उदाहरण देते हुए कहा कि 2008 से जुड़े होने के कारण उनके लिए यह जीत भावनात्मक थी। उन्होंने साथ ही एबी डिविलियर्स और क्रिस गेल जैसे खिलाड़ियों के योगदान को भी खास बताया।
उन्होंने कहा, 'विराट एक अनोखा उदाहरण हैं। जाहिर है, उन्होंने पूरा सफर तय किया है और कई सालों के उतार-चढ़ाव देखे हैं। इसलिए उनके लिए व्यक्तिगत रूप से उस (2025) फाइनल के अंत में भावनाओं का एक बेहद भावुक क्षण था।' बोबाट ने कहा, 'और यह देखना वाकई बहुत खूबसूरत था। यह बहुत अच्छा था कि हम एबी डिविलियर्स और क्रिस गेल जैसे खिलाड़ियों के साथ उस पल को साझा कर सके। ये फ्रेंचाइजी के लिए बड़े और प्रतिष्ठित खिलाड़ी रहे हैं। मैं हालांकि इतना कहना चाहूंगा कि हर किसी ने इसे उसी तरह अनुभव नहीं किया होगा।'

