IPL 2026: ''हम 10-15 रन पीछे रह गए'', GT से हार के बाद कुमार संगकारा का बयान

punjabkesari.in Saturday, May 30, 2026 - 12:49 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 के क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटंस के हाथों 7 विकेट से हार झेलने के साथ ही राजस्थान रॉयल्स का अभियान समाप्त हो गया। मैच के बाद राजस्थान रॉयल्स के क्रिकेट निदेशक और मुख्य कोच कुमार संगकारा ने माना कि उनकी टीम मुकाबले में 10 से 15 रन कम बना सकी, हालांकि उन्होंने गुजरात टाइटंस की शानदार बल्लेबाजी की भी जमकर सराहना की।

'215 रन बचाए जा सकते थे'

मैच के बाद मीडिया से बातचीत में संगकारा ने कहा, 'मुझे लगता है कि विकेट दूसरी पारी में थोड़ा बेहतर हो गया था। दोनों टीमें पहले बल्लेबाजी करना चाहती थीं। यह इस्तेमाल की हुई पिच थी, लेकिन उम्मीद से ज्यादा अच्छी साबित हुई। फिर भी मुझे लगता है कि 215 रन का स्कोर डिफेंड किया जा सकता था।'

उन्होंने आगे कहा, 'जब साई सुदर्शन का कैच हवा में गया था, तब हमारे पास एक छोटा सा मौका था। टी20 क्रिकेट में ऐसे छोटे-छोटे पल ही मैच का फैसला करते हैं। लेकिन गुजरात ने शानदार बल्लेबाजी की और बहुत समझदारी से गेंदबाजी भी की।'

'हम 10-15 रन कम बना सके'

संगकारा ने माना कि राजस्थान की टीम मजबूत शुरुआत को और बड़े स्कोर में नहीं बदल सकी। 'मुझे लगता है कि जहां से हमने शुरुआत की थी, उसके हिसाब से हम लगभग 10-15 रन पीछे रह गए। शुरुआती विकेट गिरने के बावजूद 215 रन बनाना शानदार था, लेकिन गुजरात ने जिस आसानी से लक्ष्य हासिल किया, उसका पूरा श्रेय उन्हें जाता है।'

वैभव सूर्यवंशी ने रचा इतिहास

15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी राजस्थान रॉयल्स के लिए इस सीजन सबसे बड़े स्टार बनकर उभरे। उन्होंने 16 मैचों में 776 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 48.50 और स्ट्राइक रेट 237.31 रहा। वैभव ने पूरे सीजन में 63 चौके और रिकॉर्ड 72 छक्के लगाए। उन्होंने आईपीएल में सबसे तेज 1000 रन पूरे करने का रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। वैभव ने सिर्फ 440 गेंदों में यह उपलब्धि हासिल की और आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

आर्चर और वैभव पर निर्भर नहीं थी टीम

जब संगकारा से पूछा गया कि क्या राजस्थान रॉयल्स वैभव सूर्यवंशी और जोफ्रा आर्चर पर ज्यादा निर्भर थी, तो उन्होंने इससे इनकार किया। 'हर सीजन में कुछ खिलाड़ी दूसरों से ज्यादा योगदान देते हैं। वैभव और आर्चर हमारे स्टार खिलाड़ी रहे, लेकिन बाकी खिलाड़ियों ने भी शानदार योगदान दिया।'

उन्होंने कहा, 'ध्रुव जुरेल का सीजन शानदार रहा। रियान पराग ने अहम पारियां खेलीं। यशस्वी जायसवाल ने शुरुआत में महत्वपूर्ण रन बनाए। तुषार देशपांडे ने अहम ओवर डाले। रवींद्र जडेजा ने पूरे सीजन में लगभग 8 की इकॉनमी से गेंदबाजी की और बृजेश शर्मा ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 27 रन देकर 4 विकेट लिए।'

'GT आज बेहतर टीम थी'

संगकारा ने अंत में गुजरात टाइटंस को जीत का श्रेय देते हुए कहा, 'क्रिकेट में कई बार आप अच्छा खेलते हैं और फिर भी हार जाते हैं। आज की रात गुजरात हमसे बेहतर टीम थी। लेकिन इसके बावजूद मैं राजस्थान रॉयल्स के इस ड्रेसिंग रूम को किसी भी दूसरे ड्रेसिंग रूम से नहीं बदलना चाहूंगा।' राजस्थान रॉयल्स भले ही फाइनल में नहीं पहुंच सकी, लेकिन युवा खिलाड़ियों और टीम के जुझारू प्रदर्शन ने भविष्य के लिए कई सकारात्मक संकेत जरूर दिए हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News