IPL 2026: ''18 साल से दर्द झेल रहे हैं'', दिल्ली कैपिटल्स के खराब प्रदर्शन पर फूटा टीम डायरेक्टर का गुस्सा
punjabkesari.in Saturday, May 09, 2026 - 11:45 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : Delhi Capitals को Kolkata Knight Riders के खिलाफ 8 विकेट की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। इस हार के साथ दिल्ली की प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म हो गईं। लगातार पांचवीं घरेलू हार ने टीम की कमजोरियों को पूरी तरह उजागर कर दिया।
'18 साल से ट्रॉफी का इंतजार दर्द देता है'
दिल्ली कैपिटल्स के क्रिकेट डायरेक्टर Venugopal Rao ने हार के बाद निराशा जाहिर करते हुए कहा, '18 साल हो गए और यह दर्द देता है। जब मैं खिलाड़ी था तब भी टीम को खिताब जिताना चाहता था और अब प्रशासनिक भूमिका में भी वही सपना है। यह मेरे लिए सीखने की प्रक्रिया है। अब हम युवा खिलाड़ियों को मौका देने पर विचार करेंगे।'
घरेलू मैदान ही बना सबसे बड़ी कमजोरी
अरुण जेटली स्टेडियम इस सीजन दिल्ली के लिए मजबूत किला बनने के बजाय विरोधी टीमों का पसंदीदा मैदान बन गया। शुरुआती मुकाबले में Mumbai Indians को हराने के बाद DC अपने घर में लगातार हारती चली गई। शुक्रवार को Finn Allen के नाबाद शतक ने दिल्ली की गेंदबाजी की धज्जियां उड़ा दीं। KKR ने 143 रन का लक्ष्य सिर्फ 14.2 ओवर में हासिल कर लिया।
‘तीनों विभागों ने निराश किया’
वेंगोपाल राव ने टीम की हार के लिए सिर्फ बल्लेबाजों या गेंदबाजों को जिम्मेदार नहीं ठहराया। उन्होंने कहा, 'सिर्फ एक विभाग नहीं, तीनों विभाग फेल रहे। सात-आठ ओवर तक हम अच्छी स्थिति में थे, लेकिन उसके बाद कई ओवर तक बाउंड्री नहीं आई। इस बड़े टूर्नामेंट में आप छोटे मौके गंवाकर नहीं जीत सकते।' उन्होंने आगे कहा, 'कभी बल्लेबाजी फेल हुई, कभी गेंदबाजी और कभी फील्डिंग। पूरे टूर्नामेंट में हम छोटे-छोटे मोमेंट्स नहीं जीत पाए और यही हमारी सबसे बड़ी समस्या रही।'
बल्लेबाजी पर उठे बड़े सवाल
दिल्ली की बल्लेबाजी पूरे सीजन संघर्ष करती नजर आई। पंजाब के खिलाफ 264 रन बनाने के बावजूद टीम हार गई, जबकि Royal Challengers Bengaluru के खिलाफ DC ने पावरप्ले में 13/6 का शर्मनाक स्कोर बनाया था। राव ने कहा, 'पिछले कुछ मैचों में बल्लेबाजी सबसे बड़ी चिंता रही है। अच्छी शुरुआत मिलने के बावजूद हम उसे बड़े स्कोर में नहीं बदल पाए। इस तरह के टूर्नामेंट में आपको परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना पड़ता है।'
‘जिम्मेदारी लेने वाला खिलाड़ी नहीं दिखा’
राव ने बल्लेबाजों की मानसिकता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'जब टीम मुश्किल में होती है तो बल्लेबाजी यूनिट को जिम्मेदारी लेनी चाहिए। किसी एक खिलाड़ी को कहना चाहिए कि मैं टीम को यहां से निकालूंगा। मुझे लगता है कि यही चीज हमारी टीम में मिसिंग रही।' उन्होंने यह भी माना कि खिलाड़ी अनुभव होने के बावजूद हालात के हिसाब से खुद को ढाल नहीं पाए।
स्पिनरों के सामने बिखर गई दिल्ली
KKR के स्पिनरों Sunil Narine, Varun Chakravarthy और Anukul Roy ने दिल्ली की बल्लेबाजी को पूरी तरह जकड़ लिया। 12वें से 16वें ओवर के बीच DC सिर्फ 11 रन ही बना सकी। राव ने कहा कि टीम लगातार स्पिन के खिलाफ संघर्ष कर रही है और बल्लेबाज हालात को पढ़ने में नाकाम रहे।
अक्षर और कुलदीप के फॉर्म पर भी चिंता
कप्तान Axar Patel का खराब फॉर्म भी टीम के लिए परेशानी बना हुआ है। वहीं Kuldeep Yadav भी इस सीजन लय में नजर नहीं आए। KKR के खिलाफ उन्होंने 3 ओवर में 41 रन लुटाए। राव ने कुलदीप का बचाव करते हुए कहा, 'वह अनुभवी खिलाड़ी हैं और दो टी20 वर्ल्ड कप जीत चुके हैं। कभी-कभी खराब सीजन भी आता है। मुझे भरोसा है कि वह वापसी करेंगे।'
‘बहाने नहीं बना सकते’
राव ने साफ कहा कि टीम अब चोट या परिस्थितियों का बहाना नहीं बना सकती। उन्होंने कहा, 'गुजरात, पंजाब और चेन्नई के खिलाफ मैचों में हमने छोटे-छोटे मोमेंट गंवाए। यही वजह है कि आज हम अंक तालिका में इस स्थिति में हैं। हमें सच्चाई स्वीकार करनी होगी।'
अब बेंच खिलाड़ियों को मिल सकता है मौका
प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म होने के बाद दिल्ली अब युवा खिलाड़ियों को मौका दे सकती है। राव ने कहा, 'अगले तीन मैचों में हम देखेंगे कि क्या किया जा सकता है। हम बेंच खिलाड़ियों को मौका देने की कोशिश करेंगे।'

