IPL के बाद दूसरी सबसे बड़ी लीग बनाएंगे हम : ग्रीम स्मिथ

punjabkesari.in Saturday, Dec 03, 2022 - 07:32 PM (IST)

खेल डैस्क : दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान और टी-20 के कमिश्नर ग्रीम स्मिथ का कहना है कि उन्होंने क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका द्वारा शुरू की जाने वाली एस.ए. 20 को इंडियन प्रीमियर लीग के बाद दुनिया की दूसरे सबसे बड़ी फ्रैंचाइजी-आधारित क्रिकेट लीग बनाने का लक्ष्य रखा है।  इंडियन प्रीमियर लीग (आई.पी.एल.) 15 वर्षों में ही दुनिया की सबसे प्रमुख टी-20 लीग के रूप में उभरी है। दुनिया भर के सभी नए खिलाड़ी आई.पी.एल. में खेलना चाहते हैं और अपने क्षेत्र में सफल होना चाहते हैं। दक्षिण अफ्रीका की आगामी घरेलू ट्वैंटी-20 लीग यही चाहती है कि यह भारत के बाहर सबसे बड़ी लीग बने। एस.ए. 20 पहले सीजन के शुरू होने में बस एक महीने का समय बचा है। स्मिथ ने भारतीय प्रशंसकों को एक्शन से भरपूर और विश्व स्तरीय लीग देने का वादा किया है।

स्मिथ ने मुंबई में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि एस.ए. 20 का लक्ष्य दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट को उस स्थान पर वापस लाना है, जिसके बारे में हम सभी जानते हैं। 6 टीमों में दक्षिण अफ्रीकी खिलाडिय़ों को शानदार मौका देने जा रहे हैं। कई हीरो निकलकर आएंगे जोकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को मजबूत करेंगे। एस.ए. 20 में 6 टीमें डरबन के सुपर जायंट्स, जोबर्ग सुपर किंग्स, एमआई केप टाऊन, पार्ल रॉयल्स, प्रिटोरिया कैपिटल और सनराइजर्स ईस्टर्न केप खेलेंगी। इसमें आई.पी.एल. फ्रैंचाइजी मालिकों की टीमें हैं ऐसे में यह भारतीय प्रशंसकों का भी ध्यान खींचेंगी। 

 

स्मिथ ने कहा कि यह लीग फ्रैंचाइजी मालिकों को क्रिकेट में और पैसा लगाने का अवसर देगी। क्रिकेट साऊथ अफ्रीका का पहला लक्ष्य दक्षिण अफ्रीका में लीग का निर्माण करना है। हम इसकी सफलता सुनिश्चित करना चाहते हैं और अगर यह सफल होता है, तो यह तेजी से बढ़ेगा। जबकि आने वाले समय में भारत टी-20 के लिए एक प्रमुख बाजार होगा। 

बता दें कि एस.ए. 20 में क्विंटन डी कॉक, फाफ डू प्लेसिस, कैगिसो रबाडा, डेविड मिलर, एनरिक नार्जे, राशिद खान, जोस बटलर, इयोन मोर्गन, आदिल राशिद, जेसन रॉय, लियाम लिविंगस्टोन, महेश थीक्षना, जेसन होल्डर जैसे सितारे एक्शन में नजर आएंगे।
 

Content Writer

Jasmeet