NZ vs WI: हेटमायर की तूफानी पारी से वेस्टइंडीज ने जीता पांचवां वनडे, लेकिन न्यूजीलैंड ने अपने नाम की सीरीज

punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 05:47 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : शिमरोन हेटमायर की नाबाद अर्धशतकीय पारी की बदौलत वेस्टइंडीज ने न्यूजीलैंड को पांचवें और आखिरी वनडे मुकाबले में दो विकेट से हराकर शानदार जीत दर्ज की। हालांकि इस जीत के बावजूद मेजबान टीम पांच मैचों की सीरीज 2-3 से हार गई। न्यूजीलैंड ने लगातार तीन मैच जीतकर पहले ही सीरीज अपने नाम कर ली थी।

न्यूजीलैंड ने बनाए 268 रन

ब्रिजटाउन में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 268 रन बनाए। एक समय टीम का स्कोर 35वें ओवर में 3 विकेट पर 181 रन था और आखिरी पांच ओवर बाकी रहते 230/5 तक पहुंच चुकी थी, लेकिन वेस्टइंडीज के गेंदबाजों ने अंतिम ओवरों में शानदार वापसी करते हुए रनगति पर अंकुश लगा दिया।

कीवी टीम के लिए टॉम लैथम ने 69 रन, निक केली ने 64 रन और विल यंग ने 56 रन की अहम पारियां खेलीं। वेस्टइंडीज की ओर से अलजारी जोसेफ ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 38 रन देकर 2 विकेट झटके।

हेटमायर और रदरफोर्ड ने दिलाई जीत

269 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज ने आठ विकेट खोकर 15 गेंद शेष रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। जीत के हीरो शिमरोन हेटमायर रहे, जिन्होंने दबाव में खेलते हुए नाबाद 69 रन बनाए। उन्होंने शेरफान रदरफोर्ड (61) के साथ छठे विकेट के लिए 95 रन की मैच जिताऊ साझेदारी कर टीम की वापसी कराई।

ऐसा रहा पूरी सीरीज का हाल

सीरीज की शुरुआत वेस्टइंडीज ने पहले वनडे में 7 विकेट की जीत के साथ की थी, लेकिन इसके बाद न्यूजीलैंड ने लगातार तीन मुकाबले जीतकर सीरीज पर कब्जा जमा लिया। दूसरे वनडे में कीवी टीम ने 5 विकेट, तीसरे में 6 विकेट और चौथे मैच में भी जीत दर्ज की। हालांकि आखिरी मुकाबले में वेस्टइंडीज ने शानदार प्रदर्शन कर सीरीज का समापन जीत के साथ किया, लेकिन ट्रॉफी न्यूजीलैंड के हिस्से में गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News