टी20 का कप्तान कौन ? 3 दावेदार खड़े, किसपर लगेगी मुहर, बी.सी.सी.आई. फंसी

punjabkesari.in Wednesday, Dec 06, 2023 - 11:57 PM (IST)

खेल डैस्क : हार्दिक पांड्या के जख्मी होने के बाद से बी.सी.सी.आई. के सामने टी20 विश्व कप 2024 के लिए अभी से कप्तान चुनने की समस्या खड़ी हो गई है। दक्षिण अफ्रीका दौरे पर सफेद गेंद क्रिकेट की कमान संभालने से इंकार करने वाले रोहित शर्मा के बारे में खबरें सामने आई हैं कि उन्होंने बी.सी.सी.आई. से उन्हें टी20 विश्व कप के लिए बतौर कप्तान अपना स्टैंड साफ करने की गुजारिश की है। बी.सी.सी.आई. सूत्रों का कहना है कि रोहित बोर्ड मैंबर्स से जानना चाहते हैं कि अगर उनका नाम बतौर कप्तान लिया जा रहा है तो उन्हें बताया जाए। मगर बी.सी.सी.आई. रोहित के एक साल से टी20 क्रिकेट से दूर रहने, हार्दिक पांड्या के चोटिल होने और ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बतौर कप्तान सूर्यकुमार यादव का बढ़िया प्रदर्शन करने के बाद आखिरी फैसला लेने में हिचकिचाहट महसूस कर रही है। बोर्ड ने इससे पहले नई दिल्ली में हुई रिव्यू मीटिंग में रोहित से दक्षिण अफ्रीका दौरे पर सफेद गेंद की कप्तानी करने को कहा था लेकिन भारतीय दिग्गज ने ब्रेक मांग लिया था। अब जब टी20 विश्व कप से पहले बचे 6 मुकाबलों में भी उनका खेलना संदिग्ध है तो बी.सी.सी.आई. पर जल्द से जल्द कप्तान चुनने का दबाव बन गया है। कप्तानी के लिए अब बोर्ड के सामने 3 ही दावेदार हैं।

 


वो बातें जो आ रही हिटमैन के राह में आड़े

यंगस्टर उभरे : रोहित लंबे समय से टी20 टीम से बाहर हैं। उनकी अनुपस्थिति में भारत ने शीर्ष पर कई युवा खिलाड़ियों को आजमाया। शुभमन गिल, यशस्वी जयसवाल, ऋतुराज गायकवाड़ और इशान किशन ने यहां रोहित की कमी महसूस नहीं होनी दी। 
टेस्ट सीरीज खेलेंगे : रोहित दक्षिण अफ्रीका दौरे पर सफेद गेंद की सीरीज नहीं खेलेंगे। वह 25 जनवरी से हैदराबाद में इंगलैंड के खिलाफ होने वाली 5 टेस्ट मैचों की सीरीज में उतरेंगे। इसके कारण उनका अफगानिस्तान के खिलाफ 11 से 17 जनवरी को होने वाली टी20 सीरीज में उतरना मुश्किल है। अगर यह सीरीज भी निकल गई तो 18 महीने से अधिक समय के बाद रोहित को अचानक विश्व कप के लिए कप्तान बनाना सही नहीं होगा।

मैकुलम ने माना- वह महान लीडर

हां, मुझे उनकी कप्तानी (रोहित शर्मा की कप्तानी) पसंद है। मुझे लगता है कि उनकी कप्तानी साहसिक है। वह जोखिम लेता है और खेल को आगे बढ़ाता है। और जब आप भारत के टैलेंट बेस को इस प्रकार के प्लेयर से से जोड़ देंगे तो वह बहुत अच्छी चीजें हासिल कर सकता है। वह न केवल भारत के लिए बल्कि मुंबई इंडियंस के लिए भी कई वर्षों से एक महान लीडर रहे हैं। -ब्रैंडन मैकुलम

 

 


क्यों हार्दिक पांड्या ही हैं बड़े दावेदार

बी.सी.सी.आई. पहले से ही हार्दिक पांड्या को टी20 विश्व कप के लिए तैयार कर रहा है। ऑलराउंडर ने 2022 में बतौर कप्तान आईपीएल डैब्यू करते हुए गुजरात टाइटन्स को खिताब दिलाया था। पांड्या अपने नेतृत्व कौशल का प्रदर्शन कर लोगों का ध्यान आकर्षित करने में कामयाब रहे थे। उम्मीद है कि पांड्या अफगानिस्तान के खिलाफ टी20 सीरीज से पहले फिट हो जाएंगे लेकिन अगर ऐसा नहीं होता तो वह आईपीएल में दिखेंगे। अगर हार्दिक एक बार फिर से मुंबई इंडियंस के लिए कमाल दिखाने में सफल रहे तो वह आसानी से भारतीय टीम की कप्तानी पा लेंगे। पांड्या को टक्कर सिर्फ रोहित से मिलनी थी लेकिन उनके पीछे हटने से उनका रास्ता साफ होता दिख रहा है। पांड्या को अक्तूबर के मध्य में टखने की चोट लगी थी। मुंबई इंडियंस में वापसी पर उनका सफल होना ही उन्हें अगले विश्व कप के लिए कप्तान का दावेदार बना देगा।

 

 

सूर्यकुमार यादव भी ठोक रहे हैं दावा

हार्दिक अगर फिट नहीं हैं और रोहित अगर आगे नहीं बढ़ते तो टीम की कप्तानी सूर्यकुमार यादव के हाथ में भी आने की संभावना है। सूर्यकुमार टी20 फॉर्मेट के नंबर 1 बल्लेबाज हैं। वह अपने दम पर मैच बदलने का हुनर रखते हैं। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की सीरीज के दौरान भी वह लय में दिखे थे। उन्हें अपने साथियों, विशेषकर गेंदबाजों से उनके आत्मविश्वास और स्वतंत्रता के लिए भरपूर प्रशंसा मिली। दक्षिण अफ्रीका में तीन टी20ई के लिए कप्तान के रूप में बरकरार रहने पर सूर्यकुमार भी जून में होने वाले महाकुंभ के लिए कप्तानी के दावेदार बन जाएंगे। कप्तानी मिलने के बावजूद उनमें कल्पनाशील, रचनात्मक, शांत और संचार में कमी नहीं आई है। वह दबाव वाली गेम्स में ही बेहतर प्रदर्शन करता नजर आया है। जब उसके पास कप्तान नाम की उम्मीदों का भार होगा तो यह उनसे उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन निकालेगा।

 

टीम इंडिया को ढाई वर्ष में 7 कप्तान मिले

रोहित शर्मा के अलावा भारत को पिछले ढाई वर्षों में सात ट्वेंटी-20 अंतर्राष्ट्रीय कप्तान मिले हैं। 2021 में जब इंगलैंड के खिलाफ भारतीय टीम ने पांचवां टेस्ट खेलने जाना था तब शिखर धवन की कप्तानी में टीम श्रीलंका भेजी गई थी। धवन ने तीन मैचों में कप्तानी की थी। इसके अलावा ऋषभ पंत (5 मैच), हार्दिक पंड्या (16), केएल राहुल (1), जसप्रीत बुमराह (2), रुतुराज गायकवाड़ (3) और अब सूर्यकुमार यादव (5) भी इसमें जुड़ गए हैं।

Content Writer

Jasmeet