IPL 2026: MS Dhoni की जगह कौन? 14.2 करोड़ का ये युवा खिलाड़ी बना बड़ा दावेदार
punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 02:49 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 शुरू होने से ठीक पहले चेन्नई सुपर किंग्स को बड़ा झटका लगा है। टीम के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी चोट के कारण टूर्नामेंट के शुरुआती दो हफ्तों से बाहर हो सकते हैं। धोनी फिलहाल पिंडली (काफ) की चोट से उबर रहे हैं और रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं। ऐसे में वह शुरुआती मैचों में टीम का हिस्सा नहीं होंगे।
धोनी की गैरमौजूदगी में टीम को राजस्थान रॉयल्स, पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शुरुआती मुकाबले बिना उनके खेलना पड़ सकता है।
धोनी नहीं तो कौन संभालेगा जिम्मेदारी?
धोनी के बाहर होने के बाद CSK में विकेटकीपिंग और मिडिल ऑर्डर को लेकर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक संजू सैमसन शुरुआती मैचों में विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी संभाल सकते हैं। वह टीम को अनुभव और आक्रामक बल्लेबाजी दोनों दे सकते हैं। हालांकि CSK का लंबी रेस का घोड़ा एक युवा खिलाड़ी है, जिस पर फ्रेंचाइजी ने IPL 2026 ऑक्शन में बड़ा दांव खेला था।
कौन हैं कार्तिक शर्मा?
कार्तिक शर्मा 19 साल के विकेटकीपर बल्लेबाज हैं, जिन्हें CSK ने IPL 2026 ऑक्शन में 14.2 करोड़ रुपये में खरीदा। वह IPL इतिहास के सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ियों में से एक बन गए हैं। CSK पिछले सीजन से ही उनके प्रदर्शन पर नजर रखे हुए थी और उन्हें हाई परफॉर्मेंस सेंटर में ट्रेनिंग का मौका भी मिला था। कार्तिक आक्रामक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज हैं और साथ ही भरोसेमंद विकेटकीपर भी हैं, जिस वजह से CSK उन्हें भविष्य के खिलाड़ी के रूप में देख रही है।
राजस्थान से घरेलू क्रिकेट तक का सफर
26 अप्रैल 2006 को राजस्थान के भरतपुर में जन्मे कार्तिक शर्मा ने घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने रणजी ट्रॉफी डेब्यू में ही शतक लगाया था और इसके बाद लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे। विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 में उन्होंने 8-9 पारियों में 445 रन बनाए और टीम के टॉप स्कोरर रहे। वहीं सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में उन्होंने 11 पारियों में 334 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 162.92 रहा। एक मैच में उन्होंने 11 छक्के भी लगाए थे।
धोनी से सीखना चाहते हैं कार्तिक
कार्तिक शर्मा ने खुद कहा है कि वह धोनी से मैच फिनिश करना और गेम प्लानिंग सीखना चाहते हैं। CSK में रहकर उन्हें दुनिया के महान फिनिशर से सीखने का मौका मिलेगा, जो उनके करियर के लिए बहुत बड़ा मौका है।
CSK के लिए भविष्य की तैयारी
CSK ने कार्तिक शर्मा पर बड़ा पैसा खर्च करके साफ कर दिया है कि टीम अब भविष्य की तैयारी भी कर रही है। धोनी का करियर आखिरी दौर में है, ऐसे में कार्तिक शर्मा आने वाले समय में टीम के बड़े खिलाड़ी बन सकते हैं। अगर उन्हें मौका मिलता है तो IPL 2026 में वह CSK के लिए सरप्राइज पैकेज साबित हो सकते हैं।
CSK संभावित प्लेइंग 11: रुतुराज गायकवाड़, संजू सैमसन, उर्विल पटेल, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, सरफराज खान / आयुष म्हात्रे, कार्तिक शर्मा, अकील हुसैन, नूर अहमद, मैट हेनरी, खलील अहमद / अंशुल कंबोज।

