RR vs CSK: शिवम दुबे को क्यों दिया ''फायरी सेंड-ऑफ''? जडेजा ने खुद बताई वजह
punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 12:40 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स के मुकाबले के दौरान Ravindra Jadeja ने Shivam Dube को आउट करने के बाद खास अंदाज में सेलिब्रेशन किया, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। जडेजा ने हाथ से गन का इशारा करते हुए “बूम” कहा, जिसके बाद कई लोगों ने इसे आक्रामक रिएक्शन माना। मैच के बाद जडेजा ने इस पर सफाई देते हुए कहा, 'मैं पहले भी ऐसा सेलिब्रेशन करता था, यह किसी खिलाड़ी के लिए नहीं था, यह सिर्फ मेरा सेलिब्रेशन स्टाइल है।'
प्लानिंग से लिया दुबे का विकेट
जडेजा ने बताया कि यह विकेट पूरी प्लानिंग के तहत लिया गया था क्योंकि वह दुबे की बल्लेबाजी को अच्छी तरह समझते हैं। दोनों लंबे समय तक एक ही टीम में खेल चुके हैं, इसलिए जडेजा को पता था कि दुबे किस तरह के शॉट खेलने की कोशिश करेंगे। जडेजा ने कहा, 'मैं शिवम की बल्लेबाजी को अच्छी तरह जानता हूं, प्लान यही था कि उसे बड़ा शॉट खेलने के लिए मजबूर किया जाए।' यही रणनीति काम आई और दुबे कैच आउट हो गए।
CSK से RR तक का सफर
यह मुकाबला जडेजा के लिए इसलिए भी खास था क्योंकि उन्होंने IPL में लंबे समय तक Chennai Super Kings के लिए खेला और अब IPL 2026 में वह Rajasthan Royals की तरफ से खेल रहे हैं। अपनी नई टीम को लेकर जडेजा ने कहा, 'टीम बदलना आसान नहीं होता, लेकिन मैं राजस्थान टीम के साथ खुश हूं और मुझे गुलाबी जर्सी भी पसंद आ रही है।'
मैच में जडेजा का शानदार प्रदर्शन
मैच की बात करें तो जडेजा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 ओवर में सिर्फ 18 रन देकर 2 विकेट लिए। उन्होंने शिवम दुबे और सरफराज खान को आउट कर चेन्नई सुपर किंग्स को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोक दिया। जडेजा ने मैच के बाद कहा, 'पिच थोड़ी मुश्किल थी और गेंद टर्न हो रही थी, मेरा काम सही जगह गेंद डालना था और मैंने वही किया।'
जडेजा ने दिया बड़ा बयान
जडेजा ने अंत में यह भी कहा कि क्रिकेट में कोई भी मैच आसान नहीं होता और हर मैच में पूरी मेहनत करनी पड़ती है। उन्होंने कहा, 'क्रिकेट में कुछ भी तय नहीं होता, आपको हर मैच में अपना 100 प्रतिशत देना पड़ता है।' जडेजा की शानदार गेंदबाजी की बदौलत राजस्थान ने चेन्नई को 127 रन पर रोका और बाद में लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया।

