टीम इंडिया लगातार टी20 सीरीज क्यों हारी? पार्थिव पटेल ने बताई सबसे बड़ी कमजोरी

punjabkesari.in Saturday, Jul 11, 2026 - 04:43 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ लगातार टी20 सीरीज गंवाने के बाद टीम इंडिया की जमकर आलोचना हो रही है। इस बीच पूर्व भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज पार्थिव पटेल ने टीम की सबसे बड़ी कमजोरी खराब फील्डिंग को बताया है। उन्होंने कहा कि पिछले ढाई साल से भारतीय क्रिकेट में फील्डिंग सबसे चिंताजनक पहलू बन गई है।

'फील्डिंग सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है'

जियोस्टार से बातचीत में पार्थिव पटेल ने कहा कि आयरलैंड के खिलाफ मिली हार सिर्फ बल्लेबाजी या गेंदबाजी की वजह से नहीं थी, बल्कि खराब फील्डिंग ने भी टीम को भारी नुकसान पहुंचाया। उन्होंने कहा, 'परिणाम काफी चौंकाने वाला था। खराब क्रिकेट खेलकर आप आयरलैंड जैसी टीम को नहीं हरा सकते। पिछले दो से ढाई साल में भारतीय क्रिकेट की सबसे चिंताजनक बात फील्डिंग रही है। यह समस्या सिर्फ पुरुष टीम ही नहीं, बल्कि महिला और जूनियर टीमों में भी दिख रही है।' उन्होंने याद दिलाया कि पहले टी20 में अगर भारत ने दो-तीन आसान कैच पकड़ लिए होते तो आयरलैंड 180 रन तक नहीं पहुंचता। दूसरे मैच में भी यही गलती दोहराई गई।

'टी20 के लिए स्पेशलिस्ट गेंदबाज तैयार करें'

पार्थिव का मानना है कि भारत को अब टी20 क्रिकेट के लिए अलग तरह के गेंदबाज तैयार करने चाहिए। उन्होंने कहा, 'जिस तरह बल्लेबाजी में टी20 स्पेशलिस्ट हैं, उसी तरह गेंदबाजी में भी विशेषज्ञ खिलाड़ियों की जरूरत है। हर बार यह सोचकर नहीं चल सकते कि जसप्रीत बुमराह आकर सब ठीक कर देंगे। हमें प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, मोहसिन खान जैसे गेंदबाजों के साथ टी20 स्पेशलिस्ट तैयार करने होंगे।'

तिलक वर्मा की फॉर्म पर भी जताई चिंता

पूर्व भारतीय क्रिकेटर ने बल्लेबाजी क्रम को लेकर भी सवाल उठाए। उनके मुताबिक टीम में शीर्ष क्रम में बहुत ज्यादा बाएं हाथ के बल्लेबाज हैं, जिससे भविष्य में परेशानी हो सकती है। उन्होंने कहा कि वह नहीं चाहते कि एक और उपकप्तान को टीम से बाहर होना पड़े, लेकिन अगर तिलक वर्मा को अपनी जगह बनाए रखनी है तो उन्हें रन बनाने होंगे।

'अगर आपके शीर्ष सात बल्लेबाजों में छह बाएं हाथ के हैं तो यह लंबे समय तक सफल नहीं होगा। बदलाव करना पड़ेगा। कौन आएगा और किस दाएं हाथ के बल्लेबाज को मौका मिलेगा, यह चयनकर्ताओं का फैसला होगा, लेकिन तिलक वर्मा को रन बनाने ही होंगे।'

लगातार दो सीरीज हार चुकी है टीम इंडिया

भारत को पहले आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में 2-0 से हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद इंग्लैंड ने भी टी20 सीरीज अपने नाम कर ली। लगातार खराब प्रदर्शन के बाद टीम की फील्डिंग, गेंदबाजी संयोजन और बल्लेबाजी क्रम पर सवाल उठने लगे हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News