IPL 2022 : केएल राहुल को क्यों चुना, लखनऊ के मेंटोर गौतम गंभीर ने की स्थिति स्पष्ट

punjabkesari.in Saturday, Jan 22, 2022 - 06:07 PM (IST)

नई दिल्ली : आई.पी.एल. की नई फ्रेंचाइजी लखनऊ ने आगामी सीजन के लिए भारतीय सलामी बल्लेबाज केएल राहुल को 17 करोड़ की भारी भरकम राशि देकर खरीद लिया है। राहुल का कप्तानी रिकॉर्ड कभी अच्छा नहीं गया है। इस बाबत सोशल मीडिया पर जब खबरें चलीं तो भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज और लखनऊ इंडियन प्रीमियर लीग फ्रेंचाइजी के मेंटोर गौतम गंभीर आगे आए। उन्होंने राहुल को चुनने की स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि उसे कप्तान नियुक्त करने के पीछे ‘कोई दिमाग नहीं’ था। उन्होंने कहा कि यह युवा क्रिकेटर एक असाधारण प्रतिभा है। वह अच्छा बैटर है। इसलिए वह चुना गया। 

आरपीएसजी समूह के स्वामित्व वाली लखनऊ फ्रेंचाइजी ने केएल राहुल को अपना कप्तान बनाया है। इससे पहले राहुल पंजाब किंग्स के कप्तान रहे। राहुल का आई.पी.एल. में प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। उन्होंने 94 मैचों में 47 से अधिक की औसत से 3273 रन बनाए हैं। वह पिछले दो सीजन से लगातार 600 से ज्यादा रन बना रहे हैं। वहीं, राहुल की सिलेक्शन पर बात करते हुए गंभीर ने कहा कि वह न केवल एक बल्लेबाज के रूप में बल्कि एक नेता के रूप में अच्छा है। वह आपको तीन चीजें देता है - वह बल्लेबाज अच्छा है। वह विकेट बचाकर रखता है। खास तौर पर वह सफेद गेंद का बेहतरीन क्रिकेटर है जोकि निरंतरता बरकरार रख स्कोर बनाता है। 

बता दें कि लखनऊ ने ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मार्कस स्टोइनिस को 9.2 करोड़ रुपए और भारत के अनकैप्ड लेग स्पिनर रवि बिश्नोई को 4 करोड़ रुपए में अपने साथ लिया है। स्टोइनिस पर गंभीर ने कहा कि वह बेहतरीन फिनिशर हैं। हम 100 प्रतिशत निश्चित नहीं थे कि बेन स्टोक्स नीलामी में होंगे या नहीं। स्टोइनिस मध्य क्रम में बल्लेबाजी कर सकते हैं। आगामी टूर्नामेंट के लिए मेगा नीलामी 12 और 13 फरवरी को होनी है।

Content Writer

Jasmeet