महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास की खबरों पर पत्नी साक्षी का बड़ा खुलासा

punjabkesari.in Thursday, Sep 12, 2019 - 07:45 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) द्वारा पूर्व कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) को लेकर किए गए एक ट्वीट के बाद धोनी के संन्यास की खबरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही थी। इस पर अब धोनी की पत्नी साक्षी धोनी (Sakshi Dhoni) ने चुप्पी तोड़ते हुए धोनी के संन्यास पर प्रतिक्रिया दी है और इन खबरों को सिरे से नकारा है। 

साक्षी धोनी का बयान 

धोनी की पत्नी साक्षी ने ट्वीट करते हुए कहा कि इसे अफवाह कहते है! हालांकि साक्षी ने अपनी ट्वीट में धोनी का जिक्र नहीं किया लेकिन ये साफ है कि उन्होंने धोनी के संन्यास की अटकलों पर एक बार फिर पूर्ण विराम लगा दिया है। 

धोनी के संन्यास पर कोहली ने ये कहा 

गुरुवार को कोहली द्वारा धोनी की एक फोटो शेयर की गई थी जिसमें वह धोनी को सजदा कर रहे थे। इसी के साथ ही उन्होंने कैप्शन लिखा, 'ये मैच मैं कभी नहीं भूल पाऊंगा। खास रात, इस शख्स ने मुझे फिटनेस टेस्ट की तरह भगाया।' कोहली ने इस तस्वीर को जिस कैप्शन के साथ शेयर किया उससे लोगों को लगने लगा कि अब धोनी संन्यास लेने वाले हैं। इसी के साथ ही धोनी के शाम 7 बजे संन्यास की खबरों ने भी जोर पकड़ लिया। लेकिन अब साक्षी के ट्वीट के बाद ये साफ हो गया है कि ये सिर्फ अफवाह ही थी। 

गौर हो कि धोनी ने 2014 में टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था। वहीं साल 2017 में भी उन्होंने लिमिटेड ओवर फॉर्मेट की कप्तानी भी अचानक ही छोड़ दी थी। ये दोनों निर्णय उन्होंने उस समय लिए थे जब किसी ने सोचा भी नहीं था कि धोनी ऐसा कुछ करेंगे। फिलहाल वर्ल्ड कप के बाद से ही धोनी क्रिकेट से दूरी बनाए हुए हैं और अपने परिवार के साथ समय बिता रहे हैं।

Sanjeev