IPL 2026: क्या धोनी बनेंगे CSK के अगले कोच? पूर्व स्टार खिलाड़ी के बयान से मची हलचल

punjabkesari.in Saturday, May 23, 2026 - 06:01 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। पांच बार की चैंपियन टीम लगातार तीसरे सीजन प्लेऑफ में जगह बनाने में नाकाम रही। ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में CSK ने 14 लीग मैचों में सिर्फ 6 जीत दर्ज की, जबकि 8 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा। टीम को इस सीजन एमएस धोनी की कमी भी काफी खली। चोट के कारण धोनी पूरे सीजन एक भी मैच नहीं खेल सके।

स्टीफन फ्लेमिंग के भविष्य पर सवाल

CSK के खराब प्रदर्शन के बाद लंबे समय से टीम के हेड कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग के भविष्य को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं। खुद फ्लेमिंग ने हाल ही में माना था कि कोच का मूल्यांकन हमेशा नतीजों के आधार पर होता है और उनके भविष्य पर फैसला टीम मैनेजमेंट करेगा।

रविचंद्रन अश्विन के बयान ने बढ़ाई हलचल

इसी बीच पूर्व CSK स्टार रविचंद्रन अश्विन के एक बयान ने सोशल मीडिया पर नई बहस छेड़ दी। दरअसल, एक फैन ने मजाकिया अंदाज में कहा कि अश्विन को CSK का अगला कोच नहीं बनना चाहिए, क्योंकि वह अपने यूट्यूब चैनल पर मैच से पहले ही प्लेइंग इलेवन और रणनीति बता देंगे। इस पर अश्विन ने भी मजेदार अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने कहा कि अगर वह कोच बने तो विरोधी टीमों को पहले ही सारी रणनीति पता चल जाएगी।

‘जब धोनी हैं तो किसी और की जरूरत क्यों?’

हालांकि, अश्विन के आखिरी बयान ने सबसे ज्यादा सुर्खियां बटोरीं। उन्होंने कहा, 'जब एमएस धोनी हैं, तो फिर किसी और को खोजने की जरूरत ही क्यों है?' अश्विन के इस बयान के बाद फैंस के बीच चर्चा शुरू हो गई कि क्या भविष्य में धोनी CSK के कोच या मेंटर की भूमिका निभा सकते हैं।

पूरे सीजन संघर्ष करती दिखी CSK

IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स कभी लय में नजर नहीं आई। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों विभागों में टीम संघर्ष करती रही। टीम अपने आखिरी तीन लीग मैच भी हार गई, जिसके बाद प्लेऑफ की उम्मीदें पूरी तरह खत्म हो गईं। अब टीम के स्क्वॉड, कोचिंग सेटअप और धोनी की भविष्य की भूमिका को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

क्या CSK में नई शुरुआत का समय आ गया?

लगातार खराब सीजन के बाद माना जा रहा है कि CSK अगले सीजन से पहले बड़े बदलाव कर सकती है। ऐसे में धोनी की भूमिका को लेकर भी फैंस की नजरें बनी हुई हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News