धोनी लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ खेलेंगे? CSK के अगले मैच से पहले मिला बड़ा संकेत
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 04:16 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी के बाकी टीम के साथ लखनऊ जाने की उम्मीद है। हालांकि वह इस मैच का हिस्सा होंगे या नहीं यह बात सामने नहीं आई है। लेकिन इससे CSK फैंस में धोनी को एक बार फिर मैदान में खेलते देखने की उम्मीद जरूर जगी है। CSK इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के अपने अगले मैच में ऋषभ पंत की कप्तानी वाली लखनऊ सुपर जाइंट्स (LSG) टीम का सामना करेगी जो शुक्रवार 15 मई को एकाना स्टेडियम में खेला जाएगा। रुतुराज गायकवाड़ की कप्तानी वाली CSK इस मैच को जीतकर प्लेऑफ की दौड़ में बने रहना चाहेगी।
धोनी अपनी पिंडली की चोट के कारण इस सीजन में अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। शुरुआती मैचों में तो वे पूरी तरह से टीम से बाहर थे, लेकिन सीजन के बीच में उन्होंने मुंबई इंडियंस (MI) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) जैसी टीमों के खिलाफ खेले गए 'अवे' (बाहरी) मैचों के लिए टीम के साथ सफर करना शुरू कर दिया था। हालांकि, कुछ रिपोर्टों में कहा गया था कि वापसी की कोशिश करते समय उनकी चोट और बढ़ गई थी, जबकि कुछ का मानना था कि वे टीम के मौजूदा तालमेल को बिगाड़ना नहीं चाहते, क्योंकि इस तालमेल ने टीम को अच्छे नतीजे दिए हैं। इसी वजह से वे CSK के हालिया अरुण जेटली स्टेडियम दौरे का हिस्सा नहीं थे, जहाँ टीम ने आठ विकेट से जीत हासिल की थी।
रेवस्पोर्ट्ज की एक रिपोर्ट के अनुसार धोनी लखनऊ जाने वाली टीम का हिस्सा होंगे। रिपोर्ट के मुताबिक, धोनी के कल लखनऊ जाने की संभावना है।' अगर CSK लखनऊ को हराने में कामयाब हो जाती है, तो उसके पास टॉप चार टीमों में जगह बनाने का मौका होगा। LSG पहले ही प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी है। CSK का इस सीजन में अब सिर्फ एक घरेलू मैच बचा है, जो सोमवार 18 मई को शानदार प्रदर्शन कर रही सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ खेला जाएगा।

