MI vs KKR: क्या पहला मैच खेलेंगे जसप्रीत बुमराह? कोच जयवर्धने ने दिया बड़ा अपडेट

punjabkesari.in Sunday, Mar 29, 2026 - 11:36 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : मुंबई इंडियंस के फैंस के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। टीम के हेड कोच महेला जयवर्धने ने साफ कर दिया है कि जसप्रीत बुमराह IPL 2026 के पहले मैच में कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलने के लिए पूरी तरह उपलब्ध हैं। मुंबई इंडियंस 29 मार्च को वानखेड़े स्टेडियम में KKR के खिलाफ अपने अभियान की शुरुआत करेगी।

कोच ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया बड़ा खुलासा

मैच से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में महेला जयवर्धने ने कहा, 'जस्सी (जसप्रीत बुमराह) टीम के साथ वापस जुड़ गए हैं। वह खेलने के लिए उपलब्ध हैं, बस इतना ही।' उनके इस बयान के बाद बुमराह की फिटनेस को लेकर चल रही सभी अटकलों पर विराम लग गया है।

T20 वर्ल्ड कप के बाद क्यों गए थे CoE

T20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद जसप्रीत बुमराह सीधे IPL कैंप से नहीं जुड़े थे, बल्कि वह BCCI के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस गए थे। इसके बाद उनकी फिटनेस को लेकर सवाल उठने लगे थे। हालांकि बाद में साफ हुआ कि यह कोई चोट नहीं थी, बल्कि उनका वर्कलोड मैनेजमेंट प्लान का हिस्सा था, ताकि आने वाले इंटरनेशनल शेड्यूल को देखते हुए उनकी फिटनेस बनी रहे।

MI टीम में अभी भी कुछ खिलाड़ी नहीं जुड़े

हालांकि बुमराह की वापसी से MI को बड़ी मजबूती मिली है, लेकिन टीम अभी भी पूरी तरह से संतुलित नहीं है। विल जैक्स और मिचेल सैंटनर अभी तक टीम से नहीं जुड़े हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक सैंटनर जल्द भारत पहुंचेंगे, जबकि विल जैक्स करीब एक हफ्ते बाद टीम से जुड़ेंगे। ऐसे में पहले मैच में MI को कुछ नए खिलाड़ियों पर भरोसा करना पड़ सकता है।

वर्कलोड मैनेजमेंट पर कोच का बयान

महेला जयवर्धने ने खिलाड़ियों के वर्कलोड को लेकर कहा, 'वर्ल्ड कप से पहले और उसके दौरान काफी क्रिकेट खेला गया। कई टेस्ट सीरीज और बाइलेटरल सीरीज भी हुईं। ऐसे में गेंदबाजों को थोड़ा अतिरिक्त आराम देना जरूरी था। हम पहले से जानते थे कि IPL की शुरुआत में कुछ खिलाड़ी देर से जुड़ेंगे, इसलिए हमने उसी हिसाब से प्लानिंग की है।'

MI के लिए बड़ी राहत

जसप्रीत बुमराह का पहले ही मैच में उपलब्ध होना मुंबई इंडियंस के लिए बहुत बड़ी राहत है। वानखेड़े जैसी बल्लेबाजी पिच पर बुमराह की गेंदबाजी MI के लिए मैच का सबसे बड़ा हथियार साबित हो सकती है। खासकर पावरप्ले और डेथ ओवर में बुमराह KKR के बल्लेबाजों के लिए सबसे बड़ी चुनौती होंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News