राशिद खान टेस्ट में वापसी करेंगे? अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने दिया बयान
punjabkesari.in Friday, Jun 05, 2026 - 11:42 AM (IST)
मुल्लांपुर : राशिद खान ने अब तक अपने 6 टेस्ट मैच में अच्छा प्रदर्शन किया है लेकिन भारत के खिलाफ होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने कहा कि अफगानिस्तान के लिए दोबारा टेस्ट क्रिकेट खेलना उनके और राष्ट्रीय चयनकर्ताओं पर निर्भर करेगा। दो दोहरे शतक और 48 से अधिक के औसत के साथ अफगानिस्तान के अब तक के सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बल्लेबाज शाहिदी कहा कि उनकी टीम को दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के बराबर आने के लिए और अधिक टेस्ट मैच खेलने की जरूरत है।
एकमात्र टेस्ट की पूर्व संध्या पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में शाहिदी ने कहा, 'राशिद ने उन टेस्ट मैच में अच्छा प्रदर्शन किया है जो उन्होंने खेले हैं (छह टेस्ट में 45 विकेट)। निजी तौर पर मैंने राशिद से इस बारे में बात नहीं की है कि वह दोबारा टेस्ट क्रिकेट खेलेंगे या नहीं। उनकी चयनकर्ताओं के साथ चर्चा हुई थी और मैं उस बारे में बात नहीं करना चाहता।' हालांकि उन्होंने यह स्वीकार किया कि 2018 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने के बाद से सालाना औसतन केवल दो टेस्ट मैच खेलना अफगान क्रिकेट के लिए एक बड़ी समस्या रही है।
शाहिदी ने कहा, 'हमने 2018 में भारत के खिलाफ खेला था। अब हमारे पास अधिक अनुभव है लेकिन अपनी टेस्ट टीम को मजबूत बनाने के लिए हमें और मैच खेलने की जरूरत है। जब घरेलू क्रिकेट की बात आती है तो हम छह से सात लाल गेंद के मैच (प्रथम श्रेणी मैच) खेलते हैं लेकिन टेस्ट क्रिकेट में हमें साल में सिर्फ एक या दो मैच ही खेलने को मिलते हैं।'
जब उनसे पूछा गया कि क्या अफगानिस्तान की सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाएं केवल फ्रेंचाइजी आधारित टी20 लीग में ही अपना करियर बनाना चाहती हैं तो शाहिदी ने इस बात से असहमति जताई। उन्होंने कहा, 'हर कोई जानता है कि हमारे खिलाड़ी फ्रेंचाइजी लीग में बहुत अच्छा प्रदर्शन करते हैं और अगर आप देखें तो सफेद गेंद (सीमित ओवरों के क्रिकेट) में भी हमारा प्रदर्शन अच्छा रहा है। लेकिन इसके बावजूद अफगानिस्तान में हमारे पास बहुत सारी ऐसी प्रतिभाएं मौजूद हैं जो मौके का इंतजार कर रही हैं।'
उन्हें मुल्लांपुर की पिच और वहां पड़ रही भीषण गर्मी से कोई शिकायत नहीं है। शाहिदी ने कहा, 'हमने अफगानिस्तान के जलालाबाद में एक शिविर लगाया था और वहां एक टूर्नामेंट भी खेला था। वहां का तापमान 35 डिग्री था इसलिए हम गर्मी का सामना करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं।' पिछली बार भारत के खिलाफ टेस्ट मैच के दूसरे दिन अफगानिस्तान की टीम ने सिर्फ दो सत्र में ही अपने 20 विकेट गंवा दिए थे लेकिन इस बार शाहिदी ने अपना खुद का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, 'मैंने टेस्ट क्रिकेट में दो दोहरे शतक बनाए हैं इसलिए मैं कह सकता हूं कि इस प्रारूप में सफल होने के लिए हमारे पास धैर्य और अनुशासन मौजूद है। बस हमें और अधिक मैच खेलने की जरूरत है।'
शाहिदी के लिए यह एकमात्र टेस्ट मैच दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ खेलने का अनुभव हासिल करने का मौका है। उन्होंने कहा, 'हम जानते हैं कि भारत एक बहुत बड़ा देश है और वहां बहुत प्रतिभा है। एक विरोधी टीम के तौर पर मैं नहीं चाहूंगा कि वे अच्छा प्रदर्शन करें। लेकिन हमारे लिए यह एक ऐसा मौका है जिससे कि हम एक मजबूत विरोधी टीम के सामने खुद को परख सकें।'

