IPL 2026: शुभमन गिल अगले मैच में खेलेंगे या नहीं? कोच ने दिया बड़ा अपडेट

punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 09:58 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : गुजरात टाइटंस के कप्तान शुभमन गिल चोट की वजह से राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच नहीं खेल पाए थे, जिसके बाद उनके अगले मैच में खेलने को लेकर सवाल उठने लगे। इस बीच टीम के सहायक कोच पार्थिव पटेल ने गिल की फिटनेस को लेकर अपडेट दिया। उन्होंने कहा, 'इंजरी मैनेजमेंट मेरी विशेषज्ञता नहीं है, लेकिन मैं इतना जरूर कह सकता हूं कि वह ठीक हो जाएंगे।' इससे साफ है कि गिल की चोट ज्यादा गंभीर नहीं है और टीम को उनकी जल्द वापसी की उम्मीद है।

मसल स्पाज्म की वजह से नहीं खेले पिछला मैच

पार्थिव पटेल ने बताया कि शुभमन गिल को कुछ दिन पहले मसल स्पाज्म हुआ था, जिसके कारण उन्हें एहतियातन पिछले मैच से बाहर रखा गया। उन्होंने कहा, 'उन्हें पहले गर्दन में मोच आई थी और कुछ दिन पहले मसल स्पाज्म हुआ था। हमें उम्मीद है कि वह अगले मैच तक फिट हो जाएंगे। यह चोट ज्यादा गंभीर नहीं लग रही है।' टीम मैनेजमेंट गिल की फिटनेस पर नजर बनाए हुए है।

गिल की गैरमौजूदगी में राशिद खान ने की कप्तानी

गिल की अनुपस्थिति में टीम की कप्तानी राशिद खान ने संभाली, लेकिन टीम को करीबी मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा। मैच के बाद राशिद खान ने भी गिल की फिटनेस पर अपडेट देते हुए कहा, 'वह ठीक हैं। उम्मीद है कि अगले मैच तक पूरी तरह फिट हो जाएंगे। उन्हें सिर्फ मसल स्पाज्म था, इसलिए उम्मीद है कि वह जल्द वापसी करेंगे।' गिल की वापसी टीम के लिए बेहद अहम मानी जा रही है।

कुमार कुशाग्र ने किया डेब्यू

गिल की जगह युवा बल्लेबाज कुमार कुशाग्र को मौका मिला, जिन्होंने साई सुदर्शन के साथ ओपनिंग की। कुशाग्र ने अपने डेब्यू मैच में 14 गेंदों में 18 रन बनाए और तीन चौके लगाए। हालांकि पावरप्ले के बाद वह आउट हो गए, लेकिन उन्होंने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया और टीम को तेज शुरुआत देने की कोशिश की।

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अगला मैच

गुजरात टाइटंस का अगला मैच 8 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाएगा। गुजरात की टीम अभी तक दोनों मैच हार चुकी है, जबकि दिल्ली ने अपने दोनों मैच जीते हैं। ऐसे में टीम को जीत की पटरी पर लौटने के लिए शुभमन गिल की वापसी बेहद जरूरी मानी जा रही है।

दिल्ली के खिलाफ गिल का शानदार रिकॉर्ड

दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ शुभमन गिल का रिकॉर्ड काफी अच्छा रहा है। उन्होंने दिल्ली के खिलाफ 16 पारियों में 486 रन बनाए हैं, जिसमें तीन अर्धशतक शामिल हैं। पिछले सीजन में उन्होंने रन चेज करते हुए नाबाद 93 रन की पारी खेली थी। ऐसे में अगर गिल फिट होकर वापसी करते हैं, तो गुजरात के लिए यह बड़ी राहत की खबर होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News