''देश के लिए गोल्ड जीतना ही मेरे लिए दिवाली'', सुजीत कलकल की वर्ल्ड चैंपियनशिप पर नजर
punjabkesari.in Wednesday, Oct 07, 2026 - 01:25 PM (IST)
नई दिल्ली: एशियन गेम्स 2026 के 65 किग्रा फ्रीस्टाइल गोल्ड मेडलिस्ट सुजीत कलकल अब वर्ल्ड रेसलिंग चैंपियनशिप में देश के लिए एक और स्वर्ण पदक जीतने की तैयारी कर रहे हैं। 23 वर्षीय सुजीत का अगला लक्ष्य 24 अक्टूबर से 1 नवंबर तक कजाकिस्तान के अस्ताना में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप है।
‘गोल्ड जीतना ही मेरे लिए दिवाली है’
सुजीत ने बुधवार को भारतीय खेल प्राधिकरण (SAI) की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अपनी दिवाली की योजना को लेकर कहा, 'देश के लिए गोल्ड मेडल जीतना ही मेरे लिए दिवाली है। मैं अभी तक होली या दिवाली घर पर नहीं मना पाया हूं, क्योंकि हमेशा कोई न कोई प्रतियोगिता होती रहती है।'
उन्होंने आगे कहा, 'मेरे पिता कहते हैं कि अगर तुम गोल्ड मेडल लेकर घर आते हो तो वही तुम्हारे लिए दिवाली और होली है। इस बार भी दिवाली के आसपास प्रतियोगिता है और अगर मैं गोल्ड जीतता हूं तो वही मेरे लिए दिवाली होगी।'
2-9 से पिछड़कर जीता एशियन गेम्स फाइनल
एशियन गेम्स के 65 किग्रा फ्रीस्टाइल फाइनल में सुजीत ने जापान के ओलंपिक चैंपियन कोटारो कियोका को हराया था। इसके बाद ताजिकिस्तान के अब्दुलमाजिद कुडिएव के खिलाफ फाइनल में वह एक समय 2-9 से पीछे थे, लेकिन उन्होंने शानदार वापसी करते हुए 10-9 से मुकाबला जीतकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
अपने इस रोमांचक कमबैक को याद करते हुए सुजीत ने कहा, 'शुरुआत में मैं फाइनल मुकाबले को नियंत्रित नहीं कर पा रहा था, क्योंकि मैं ठीक से वार्म-अप नहीं कर पाया था। इसके बाद दूसरे पीरियड में मेरी पकड़ अच्छी बनी और मैंने जो भी अटैक किया, वह सफल रहा। मुकाबले के अंत तक मैंने सभी अंक कवर कर लिए थे।'
वर्ल्ड चैंपियनशिप को बताया बड़ी चुनौती
एशियन गेम्स की सफलता के बावजूद सुजीत का ध्यान अब वर्ल्ड चैंपियनशिप पर है। उन्होंने इस प्रतियोगिता को बेहद कठिन बताते हुए कहा कि यहां दुनिया के शीर्ष पहलवान हिस्सा लेंगे और चुनौती एशियन गेम्स से भी बड़ी होगी।
सुजीत ने अपनी तैयारी के बारे में कहा, 'यह बहुत महत्वपूर्ण प्रतियोगिता है और यह ओलंपिक से भी ज्यादा कठिन होने वाली है। हम किसी खास तरह की तैयारी नहीं करते हैं। पिछली प्रतियोगिताओं में जो गलतियां हुई हैं, हम उन पर काम करते हैं ताकि आने वाली प्रतियोगिताओं में उन्हें दोबारा न दोहराया जाए।'
रूस और आर्मेनिया में ट्रेनिंग का मिला फायदा
एशियन गेम्स से पहले सुजीत ने रूस और आर्मेनिया में ट्रेनिंग की थी। SAI सोनीपत में अभ्यास करने वाले इस पहलवान ने विदेशी एक्सपोजर के लिए TOPS, SAI और WFI का धन्यवाद किया और बताया कि वहां दुनिया के कई बड़े पहलवानों के साथ अभ्यास करने का मौका मिला।
सुजीत ने कहा, 'सबसे पहले मैं TOPS, SAI और WFI को धन्यवाद देना चाहता हूं। उनकी वजह से हमें विदेशी एक्सपोजर मिलता है। मेडल जीतने में ट्रेनिंग की सबसे महत्वपूर्ण भूमिका होती है। रूस में वर्ल्ड चैंपियनशिप, एशियन गेम्स और ओलंपिक के पदक विजेता पहलवान मौजूद थे। वहां उनसे बहुत कुछ सीखने और उनके साथ मुकाबला करने का मौका मिला, जो शानदार अनुभव था।'

