21वें विंबलडन अभियान का विजयी आगाज, जोकोविच ने वू यिबिंग को हराकर दूसरे दौर में बनाई जगह

punjabkesari.in Tuesday, Jun 30, 2026 - 12:50 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: सर्बिया के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी और 24 बार के ग्रैंड स्लैम चैंपियन नोवाक जोकोविच ने विंबलडन 2026 में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। पहले दौर के मुकाबले में उन्होंने चीन के वू यिबिंग को चार सेटों तक चले संघर्षपूर्ण मैच में हराकर दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। इस जीत के साथ जोकोविच ने विंबलडन के पहले दौर में लगातार 21वीं जीत का रिकॉर्ड भी कायम रखा।

चार सेट में दर्ज की शानदार जीत

लंदन में सोमवार को खेले गए मुकाबले में जोकोविच ने वू यिबिंग को 6-4, 5-7, 6-4, 6-4 से हराया। तीन घंटे से अधिक समय तक चले इस मुकाबले में चीनी खिलाड़ी ने जोकोविच को कड़ी चुनौती दी, लेकिन अहम मौकों पर सर्बियाई स्टार ने अपना अनुभव दिखाते हुए जीत दर्ज कर ली। अब दूसरे दौर में जोकोविच का सामना यूनान के स्टार खिलाड़ी स्टेफानोस सितसिपास से होगा।

सर्विस बनी जीत की सबसे बड़ी ताकत

24 बार के ग्रैंड स्लैम विजेता जोकोविच को पूरे मुकाबले में वू यिबिंग के आक्रामक फोरहैंड शॉट्स का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने 11 ब्रेक पॉइंट्स में से केवल एक ही गंवाया, जबकि खुद तीन ब्रेक हासिल किए। जोकोविच की सर्विस भी शानदार रही। उन्होंने पूरे मैच में एक भी डबल फॉल्ट नहीं किया, जिसने जीत में अहम भूमिका निभाई। इसके साथ ही उन्होंने विंबलडन के पहले दौर में अपना अजेय रिकॉर्ड 21-0 कर लिया।

'यह पहले दौर जैसा मैच नहीं लगा'

मैच के बाद जोकोविच ने वू यिबिंग की जमकर तारीफ करते हुए कहा, 'आज का मुकाबला वाकई चुनौतीपूर्ण था। वू अपने शानदार प्रदर्शन के लिए तारीफ के हकदार हैं। मैं जीत से खुश हूं, लेकिन शायद उतना तरोताजा महसूस नहीं कर रहा हूं। सच कहूं तो यह मुकाबला पहले दौर जैसा बिल्कुल नहीं लगा।'

'एक समय लगा कि उनकी कोई कमजोरी ही नहीं'

जोकोविच ने आगे कहा, 'उन्होंने पूरे मैच में मुझ पर काफी दबाव बनाए रखा। मैंने पहले कभी उनके खिलाफ नहीं खेला था। मुझे पता था कि वह बेसलाइन से काफी आक्रामक खेलते हैं और फ्लैट शॉट्स लगाते हैं, लेकिन उन्होंने अपने हर शॉट की गुणवत्ता से मुझे चौंका दिया। एक समय तो ऐसा लगा कि उनकी कोई कमजोरी ही नहीं है।'


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News