वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश: इंग्लैंड को हराकर भारतीय पुरुष टीम सेमीफाइनल में, महिला टीम क्वार्टर से बाहर
punjabkesari.in Thursday, Jul 30, 2026 - 10:32 AM (IST)
ओंटारियो: भारत की पुरुष जूनियर स्क्वैश टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश टीम चैंपियनशिप 2026 के सेमीफाइनल में लगातार दूसरी बार जगह बना ली है। पांचवीं वरीयता प्राप्त भारतीय टीम ने क्वार्टर फाइनल में तीसरी वरीयता प्राप्त इंग्लैंड को 2-1 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश किया। हालांकि, भारतीय महिला टीम को क्वार्टर फाइनल में अमेरिका के हाथों 1-2 से हार का सामना करना पड़ा।
इंग्लैंड को हराकर सेमीफाइनल में पहुंचा भारत
भारतीय पुरुष टीम की शुरुआत शानदार रही। आर्यवीर देवान ने पहला मुकाबला जीतकर भारत को बढ़त दिलाई। इसके बाद युशा नफीस को इस्माइल खलील के खिलाफ पांच गेम तक चले रोमांचक मुकाबले में हार झेलनी पड़ी, जिससे स्कोर 1-1 से बराबर हो गया।
निर्णायक मुकाबले में गुरवीर सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जॉर्ज ग्रिफिथ्स को सीधे गेमों में हराया और भारत को 2-1 की ऐतिहासिक जीत दिला दी। अब भारतीय टीम सेमीफाइनल में अमेरिका से भिड़ेगी, जिसने जापान को हराकर अंतिम चार में जगह बनाई है। भारत पिछले साल जीते कांस्य पदक से बेहतर प्रदर्शन करने के इरादे से उतरेगा।
महिला टीम की शानदार शुरुआत, लेकिन अमेरिका ने पलटा मुकाबला
महिला वर्ग के क्वार्टर फाइनल में भारत ने दमदार शुरुआत की। मौजूदा विश्व जूनियर चैंपियन अनाहत सिंह ने दिया यादव को सीधे गेमों में हराकर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। लेकिन इसके बाद अमेरिका ने शानदार वापसी की। शार्लोट स्जे ने रुद्रा सिंह को सीधे गेमों में हराकर मुकाबला 1-1 से बराबर कर दिया। निर्णायक मुकाबले में लिली बुरेल ने अनिका दुबे को सीधे गेमों में मात देकर अमेरिका को 2-1 से जीत दिलाई और भारतीय महिला टीम का सफर यहीं समाप्त हो गया।
सेमीफाइनल में किससे भिड़ेंगी टीमें?
पुरुष वर्ग में भारत का सामना अब अमेरिका से होगा, जबकि दूसरी ओर फ्रांस ने 26 साल बाद पहली बार सेमीफाइनल में जगह बनाते हुए मलेशिया को 2-0 से हराया। महिला वर्ग में अमेरिका की टीम सेमीफाइनल में मौजूदा चैंपियन मिस्र से भिड़ेगी। वहीं, हांगकांग, चीन और मलेशिया दूसरी सेमीफाइनलिस्ट टीमें हैं।

