विश्व नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी अल्काराज़ ने चुना नया कोच, फेररेरो से 7 साल की साझेदारी तोड़ी

punjabkesari.in Thursday, Dec 18, 2025 - 03:50 PM (IST)

मैड्रिड: विश्व नंबर-1 टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज ने अपने लंबे समय के कोच जुआन कार्लोस फेररेरो के साथ सात साल की साझेदारी समाप्त करने का ऐलान किया है। 22 वर्षीय स्पेनिश खिलाड़ी ने यह जानकारी बुधवार को सोशल मीडिया के जरिये साझा की।

अल्काराज ने महज 15 साल की उम्र में फेररेरो के साथ काम करना शुरू किया था। उनके मार्गदर्शन में अल्काराज ने टेनिस जगत में तेजी से उभरते हुए विश्व रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया और अब तक छह ग्रैंड स्लैम खिताब सहित कुल 22 टूर्नामेंट अपने नाम किए।

सोशल मीडिया पर भावुक संदेश

कोच से अलग होने के फैसले पर अल्काराज़ ने कहा, 'हमने मिलकर शिखर तक का सफर तय किया। मुझे लगता है कि अगर हमारी खेल यात्राएं अलग होनी हैं, तो यह उसी मुकाम पर होनी चाहिए, जहां तक पहुंचने का हमने हमेशा सपना देखा था।'

नया कोच, नई चुनौती

खेल अखबार डायरियो AS की रिपोर्ट के मुताबिक, अब सैमुएल लोपेज अल्काराज के नए कोच होंगे। लोपेज इससे पहले पाब्लो करेनो बुस्टा के कोच रह चुके हैं। अल्काराज़ अब 2026 ऑस्ट्रेलियन ओपन की तैयारी नए कोच के साथ करेंगे। फेररेरो के साथ अलगाव के बाद यह देखना दिलचस्प होगा कि नए कोच के मार्गदर्शन में अल्काराज अपने करियर को किस दिशा में आगे बढ़ाते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News