पहलवान बजरंग पूनिया राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिए नामांकित हुए

punjabkesari.in Friday, Aug 16, 2019 - 03:56 PM (IST)

नई दिल्ली: एशिया और राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदकधारी पहलवान बजरंग पूनिया को शुक्रवार को देश के सर्वोच्च खेल सम्मान- राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार के लिये नामांकित किया गया। उनके नाम पर फैसला 12 सदस्यीय चयन समिति ने दो दिवसीय बैठक के शुरूआती दिन में लिया। पैनल में बाईचुंग भूटिया और एम सी मेरीकाम भी शामिल हैं। 


इसकी जानकारी रखने वाले एक सूत्र से कहा, ‘बजरंग को खेल रत्न पुरस्कार के लिये चुना गया। उनके नाम पर फैसला सर्वसम्मति से हुआ।' सूत्र ने यह भी कहा कि 12 सदस्यीय पैनल शनिवार को अर्जुन और द्रोणाचार्य पुरस्कार के नाम पर फैसला करने के अलावा शीर्ष सम्मान के लिए एक और एथलीट का नाम चुन सकती है। 

बजरंग अभी जार्जिया में ट्रेनिंग कर रहे हैं, उन्होंने कहा, ‘इस पुरस्कार के लिये मेरे पास उपलब्धियां थीं। मैंने हमेशा ही कहा कि यह पुरस्कार सबसे हकदार खिलाड़ी को ही मिलना चाहिए।' बजरंग ने पिछले साल जकार्ता एशियाई खेलों में 65 किग्रा स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। उन्होंने गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में भी इसी वजन वर्ग में पहला स्थान हासिल किया था। वह विश्व चैम्पियनशिप में दो बार के पदकधारी हैं और अगले साल तोक्यो ओलंपिक में भारत के लिये प्रबल दावेदारों में शामिल हैं। 

neel