कुश्ती संघ के अध्यक्ष ने पहलवान को मंच पर ही जड़ा थप्पड़, वीडियो वायरल
punjabkesari.in Saturday, Dec 18, 2021 - 05:16 PM (IST)
रांची : भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष सह सांसद बृजभूषण शरण सिंह द्वारा एक युवा पहलवान को थप्पड़ जड़ने का वीडियो वायरल हो रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रांची के शहीद गणपत राय इंडोर स्टेडियम होटवार में चल रही अंडर-15 नेशनल कुश्ती चैंपियनशिप के पहले दिन भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने एक युवा पहलवान को थप्पड़ जड़ दिया। पहलवान उत्तर प्रदेश का था।
बताया गया है कि कुश्ती चैंपियनशिप में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करने पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह उस समय अपना आपा खो बैठे, जब एक ओवर ऐज पहलवान उनसे जबरदस्ती प्रतियोगिता में शामिल कराने का आग्रह करने लगा। जानकारी के अनुसार उम्र की छानबीन के क्रम में वह पहलवान 15 वर्ष से ऊपर का निकला, जिस कारण तकनीकी पदाधिकारियों ने उसके प्रतियोगिता में भाग लेने पर रोक लगा दी।
भाजपाई संस्कार व संस्कृति का अनूठा उदाहरण।
— Randeep Singh Surjewala (@rssurjewala) December 18, 2021
इसे मीडिया न दिखायेगा, न बहस कराएगा।
यूपी के गोंडा के भाजपा सांसद बृजभूषण सिंह एक कुश्ती प्रतियोगिता में शामिल होने रांची गए थे। जहां पहलवान को मंच पर ही कई थप्पड़ जड़ दिए।
माफ़ी माँगो मोदी जी-नड्डा जी ! pic.twitter.com/HsBeziw3uE
इसके बाद वह पहलवान अतिथियों के मंच पर चला गया और भारतीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष प्रतियोगिता में भाग लेने की अनुमति देने को लेकर जिरह करने लगा। काफी देर तक बहस करने के बाद मामला बढ़ गया और बृजभूषण शरण ने युवा पहलवान को स्टेज पर ही थप्पड़ जड़ दिया, जिसके बाद मामले ने तूल पकड़ लिया।