रिद्धिमान साहा का क्रिकेट से संन्यास, साथियों ने कंधों पर बिठाकर दी विदाई

punjabkesari.in Saturday, Feb 01, 2025 - 07:27 PM (IST)

खेल डैस्क : रिद्धिमान साहा ने आखिरकार क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। पंजाब के खिलाफ मुकाबला जीतने के बाद उन्हें बंगाल टीम के साथियों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। वह उन्हें कंधों पर बिठाकर मैदान से बाहर भी लाए। इस बीच भारत के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने भी विकेटकीपर बल्लेबाज के क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास लेने के बाद क्रिकेट के खेल पर 'अमिट छाप' छोड़ने के लिए रिद्धिमान साहा को बधाई दी। बहरहाल, शमी ने लिखा- आज हम भारतीय क्रिकेट के सच्चे दिग्गज रिद्धिमान साहा को विदाई दे रहे हैं। मैदान के अंदर और बाहर उनके शानदार ग्लव वर्क और अनगिनत यादगार पलों ने एक अमिट छाप छोड़ी है। रणजी ट्रॉफी से लेकर राष्ट्रीय टीम तक, उनके समर्पण और जुनून ने हम सभी को प्रेरित किया है। आपके अगले अध्याय के लिए शुभकामनाएं, रिद्धिमान। आपकी विरासत पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी!


141 प्रथम श्रेणी मैचों में साहा ने 48.68 की औसत से 7,169 रन बनाए हैं, जिसमें 14 शतक और 44 अर्द्धशतक शामिल हैं। 40 वर्षीय ने आखिरी बार भारत के लिए दिसंबर 2021 में वानखेड़े स्टेडियम में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेला था। अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर साहा ने 40 टेस्ट मैचों में 29.41 की औसत से 1,353 रन बनाए, साथ ही नौ वनडे भी खेले। आईपीएल 2025 नीलामी में उनपर दांव नहीं लगा। साहा ने 2008 के बाद से हर आईपीएल सीजन में खेला है। वह हाल ही में गुजरात टाइटन्स के साथ थे, जिसने साल 2022 का खिताब जीता था। वह कोलकाता नाइट राइडर्स, चेन्नई सुपर किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स के साथ भी खेले हैं। 2014 फाइनल में उन्होंने शतक भी लगाया था।


40 वर्षीय खिलाड़ी ने मौजूदा रणजी ट्रॉफी सीज़न के दौरान क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास की घोषणा की थी। साहा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट किया था कि क्रिकेट में एक यादगार यात्रा के बाद, यह सीज़न मेरा आखिरी होगा। मैं अंतिम बार बंगाल का प्रतिनिधित्व करके सम्मानित महसूस कर रहा हूं, संन्यास लेने से पहले केवल रणजी ट्रॉफी में खेल रहा हूं। आइए इस सीजन को यादगार बनाएं!


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Jasmeet

Related News