WTC 2025-27 Points Table: वेस्टइंडीज की बड़ी जीत से भारत को फायदा, पाकिस्तान सबसे नीचे फिसला

punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 11:25 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: वेस्टइंडीज ने श्रीलंका को पारी और 217 रन से हराकर आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 अंक तालिका में बड़ा उलटफेर कर दिया। इस जीत का सबसे बड़ा फायदा शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम को मिला, जो एक स्थान ऊपर चढ़कर पांचवें नंबर पर पहुंच गई। वहीं श्रीलंका तीन स्थान नीचे खिसक गया, जबकि पाकिस्तान आखिरी पायदान पर पहुंच गया।

वेस्टइंडीज की शानदार जीत से बदला समीकरण

करीब 17 महीने बाद टेस्ट क्रिकेट में जीत दर्ज करते हुए वेस्टइंडीज ने एंटीगा टेस्ट में श्रीलंका को पारी और 217 रन से हराया। इसी के साथ कैरेबियाई टीम ने मौजूदा विश्व टेस्ट चैंपियनशिप चक्र में अपना जीत का खाता खोला। इस जीत के बाद वेस्टइंडीज अंक तालिका में सबसे नीचे से उठकर आठवें स्थान पर पहुंच गया। दूसरी ओर आठ अंकों की कटौती झेल चुकी पाकिस्तान टीम नौवें और अंतिम स्थान पर फिसल गई। फिलहाल पाकिस्तान एकमात्र ऐसी टीम है, जिसका जीत प्रतिशत अभी भी एक अंक (सिंगल डिजिट) में है।

भारत को हुआ बड़ा फायदा, श्रीलंका को नुकसान

श्रीलंका को इस WTC चक्र की पहली हार का खामियाजा रैंकिंग में भुगतना पड़ा। टीम तीसरे स्थान से सीधे छठे नंबर पर पहुंच गई।इस बदलाव के चलते न्यूजीलैंड तीसरे, बांग्लादेश चौथे और भारत पांचवें स्थान पर पहुंच गया। शुभमन गिल की अगुआई वाली भारतीय टीम अब अगले महीने श्रीलंका दौरे से पहले बेहतर स्थिति में है।

WTC 2025-27 अपडेटेड पॉइंट्स टेबल

पहला स्थान: ऑस्ट्रेलिया; मैच: 8 | जीत: 7 | हार: 1 | ड्रॉ: 0 | अंक: 84 | जीत प्रतिशत: 87.50
दूसरा स्थान: दक्षिण अफ्रीका; मैच: 4 | जीत: 3 | हार: 1 | ड्रॉ: 0 | अंक: 36 | जीत प्रतिशत: 75.00
तीसरा स्थान: न्यूजीलैंड; मैच: 5 | जीत: 3 | हार: 1 | ड्रॉ: 1 | अंक: 40 | जीत प्रतिशत: 66.67
चौथा स्थान: बांग्लादेश; मैच: 4 | जीत: 2 | हार: 1 | ड्रॉ: 1 | अंक: 28 | जीत प्रतिशत: 58.33
पांचवां स्थान: भारत; मैच: 9 | जीत: 4 | हार: 4 | ड्रॉ: 1 | अंक: 52 | जीत प्रतिशत: 48.15
छठा स्थान: श्रीलंका; मैच: 3 | जीत: 1 | हार: 1 | ड्रॉ: 1 | अंक: 16 | जीत प्रतिशत: 44.44
सातवां स्थान: इंग्लैंड; मैच: 12 | जीत: 4 | हार: 7 | ड्रॉ: 1 | अंक कटौती: 14 | अंक: 38 | जीत प्रतिशत: 26.38
आठवां स्थान: वेस्टइंडीज; मैच: 9 | जीत: 1 | हार: 7 | ड्रॉ: 1 | अंक: 16 | जीत प्रतिशत: 14.81
नौवां स्थान: पाकिस्तान; मैच: 4 | जीत: 1 | हार: 3 | ड्रॉ: 0 | अंक कटौती: 8 | अंक: 4 | जीत प्रतिशत: 8.33

इंग्लैंड-न्यूजीलैंड टेस्ट से फिर बदल सकती है तस्वीर

इस सप्ताह WTC अंक तालिका में एक और बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। अगर न्यूजीलैंड तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड को हराने में सफल रहता है तो वह दूसरे स्थान पर पहुंच जाएगा। वहीं अगर बेन स्टोक्स के विदाई टेस्ट में इंग्लैंड जीत दर्ज करता है तो वह बांग्लादेश के साथ स्थान बदल लेगा। हालांकि जीत के बावजूद इंग्लैंड सातवें स्थान पर ही बना रहेगा क्योंकि अंक प्रतिशत में उसे कोई बड़ा फायदा नहीं मिलेगा।

चौथे दिन का खेल खत्म होने तक ट्रेंट ब्रिज टेस्ट में इंग्लैंड 373 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 15 ओवर में 103/4 रन बना चुका था। टीम को जीत के लिए अभी 270 रन और चाहिए।

दूसरे टेस्ट पर भी रहेंगी सभी की नजरें

वेस्टइंडीज और श्रीलंका के बीच इसी सप्ताह एंटीगा में दूसरा टेस्ट खेला जाएगा। अगर श्रीलंका वापसी करते हुए यह मुकाबला जीत लेता है तो वह फिर से पांचवें स्थान पर पहुंच जाएगा। ऐसे में भारत समेत कई टीमों की रैंकिंग पर इसका सीधा असर पड़ेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News