कभी गोलगप्पे बेचने वाले 17 साल के इस क्रिकेटर ने ठोका दोहरा शतक, लगाए 12 छक्के

punjabkesari.in Wednesday, Oct 16, 2019 - 03:37 PM (IST)

नई दिल्ली : विजय हजारे ट्रॉफी में संजू सैमसन के बाद एक बार क्रिकेटर ने दोहरा शतक लगा दिया है। यह क्रिकेटर हैं मुंबई के यशस्वी जायसवाल। छोटी उम्र में गोलगप्पे तक बेचने वाले यशस्वी ने विजय हजारे ट्रॉफी के तहत झारखंड के खिलाफ खेले गए मैच में 154 गेंदों में 203 रनों की पारी खेली।  यशस्वी ने अपनी पारी में 12 छक्के भी लगाए जिसकी बदौलत मुंबई की टीम 50 ओवर में 358 रनों तक पहुंच गई। यशस्वी का पारी के दौरान स्ट्राइक रेट 131.81 का रहा जबकि उनके बल्ले से 17 चौके भी निकले। यानी उन्होंने बाऊंड्रीज से ही 140 रन बना दिए।

लिस्ट ए क्रिकेट में दोहरा शतक ठोकने वाले सबसे युवा


यशस्वी जायसवाल ने झारखंड के खिलाफ दोहरा शतक लगाकर लिस्ट-ए क्रिकेट में दोहरा शतक जडऩे वाले सबसे युवा भारतीय भी बन गए। यशस्वी अबतक 5 मैचों में 100 से ज्यादा की औसत से 504 रन बना चुके हैं। उनके बल्ले से अब तक 3 शतक निकल चुके हैं और टूर्नामेंट में उन्होंने मुंबई के लिए सबसे ज्यादा 20 छक्के  और 44 चौके भी लगाए हैं।

लिस्ट ए में टॉप स्कोर


1. एडी ब्राऊन 268
2. रोहित शर्मा 264
3. डार्सी शॉर्ट 257
4. शिखर धवन 248
5. मार्टिन गुप्टिल 237
---
21. यशस्वी जायसवाल 203

धवन भी लगा चुके हैं दोहरा शतक


भारत की ओर से घरेलू लिस्ट ए मैचों में शिखर धवन और केवी कौशल भी दोहरा शतक लगा चुके हैं। धवन के नाम साऊथ अफ्रीका ए टीम के खिलाफ 150 गेंदों में 30 चौके और 7 छक्कों की मदद से 248 रन बनाने का रिकॉर्ड है। यशस्वी मूल रूप से यूपी के भदोही के रहने वाले हैं। क्रिकेट खेलने का सपना लेकर वह 11 साल की उम्र में मुंबई आया था। इस दौरान उन्होंने पेट पालने के लिए गोलगप्पे तक बेचे।

Jasmeet