हार्दिक पांड्या को कप्तान बनाने पर युवराज सिंह ने कसा मुंबई इंडियंस पर तंज

punjabkesari.in Thursday, Mar 14, 2024 - 06:40 PM (IST)

खेल डैस्क : इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन में मुंबई इंडियंस की टीम नए कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardik Pandya) के साथ नजर आएगी। फ्रेंचाइजी प्रबंधन ने गुजरात टाइटंस को दो बार फाइनल में पहुंचाने वाले हार्दिक को रोहित शर्मा की जगह कप्तानी दी है। फ्रेंचाइजी के इस कदम से कई क्रिकेट दिग्गज हैरान है। अब इस लिस्ट में युवराज सिंह भी शामिल हो गए हैं। युवराज सिंह ने अपनी राय व्यक्त करते हुए कहा कि वह आईपीएल 2024 सीजन के लिए मुंबई इंडियंस के कप्तान के रूप में रोहित शर्मा को एक और साल देना पसंद करते। उन्होंने सुझाव दिया कि हार्दिक पंड्या को डिप्टी नियुक्त किया जा सकता था।

 


युवराज सिंह ने इस बात पर जोर दिया कि रोहित शर्मा एक कप्तान के रूप में 5 बार के आईपीएल विजेता हैं। उन्हें हटाना एक बड़ा निर्णय है। मैं किसी को शामिल करता, जैसे वे हार्दिक (पंड्या) को लाए, लेकिन मैं फिर भी रोहित को एक और सीजन देता। युवराज ने इस बात पर भी जोर दिया कि हर किसी को अपनी राय रखने का अधिकार है, लेकिन किसी भी फ्रेंचाइजी को निर्णय लेते समय अपने भविष्य को प्राथमिकता देनी चाहिए।


युवराज बोले- मैं फ्रेंचाइजी के नजरिए से समझता हूं कि उन्हें फ्रेंचाइजी का भविष्य देखना होगा। लेकिन फिर भी, रोहित भारत की कप्तानी कर रहे हैं और अभी भी अच्छा खेल रहे हैं, इसलिए यह एक बड़ा फैसला है। युवराज का मानना है कि हार्दिक पांड्या को लीग की सबसे सफल टीमों में से एक मुंबई इंडियंस की कप्तानी करने में भारी दबाव का सामना करना पड़ सकता है। युवराज बोले भले ही प्रतिभा के मामले में, उनमें (हार्दिक पंड्या) महान प्रतिभा है। लेकिन यह गुजरात का कप्तान बनना और मुंबई का कप्तान होना, से अलग है। यहां उम्मीदें बहुत होंगी।

Content Writer

Jasmeet