IPL 2026: कमेंट्री बॉक्स से दूर क्यों हैं युवराज सिंह? खुद बताई बड़ी वजह
punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 12:29 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : पूर्व भारतीय क्रिकेटर युवराज सिंह ने कमेंट्री नहीं करने की वजह का खुलासा किया है। हाल ही में स्पोर्ट्स तक से बातचीत में युवराज ने बताया कि वह कमेंट्री बॉक्स में इसलिए नहीं बैठना चाहते क्योंकि कुछ लोगों ने उनके खेल की बजाय उन पर व्यक्तिगत टिप्पणियां की थीं। इसी वजह से उन्होंने कमेंट्री से दूरी बनाए रखने का फैसला किया।
‘जिन लोगों ने पर्सनल कमेंट किए, उनके साथ नहीं बैठ सकता’
युवराज सिंह ने खुलकर कहा, 'अब जब मैं रिटायर हो चुका हूं तो मैं यह कहना चाहता हूं कि कुछ लोगों ने मेरे क्रिकेट पर नहीं, बल्कि मुझ पर पर्सनल कमेंट किए। क्रिकेट पर बात करना समझ में आता है, क्योंकि वह खेल का हिस्सा है। लेकिन जब बात पर्सनल हो जाती है तो वो बातें हमेशा याद रहती हैं। मैं उन लोगों के साथ बैठकर कमेंट्री नहीं करना चाहता जिन्होंने मेरे ऊपर पर्सनल कमेंट किए। यही वजह है कि मैं कमेंट्री नहीं करता। कमेंट्री क्रिकेट के बारे में बात करने के लिए शानदार प्लेटफॉर्म है, लेकिन यह एक कारण है जिसकी वजह से मैं इससे दूर हूं।'
कमेंट्री की जगह कोचिंग और बिजनेस पर फोकस
युवराज सिंह के कई पूर्व साथी खिलाड़ी आज कमेंट्री कर रहे हैं, लेकिन युवराज ने इस रास्ते की बजाय कोचिंग और अपने बिजनेस पर ध्यान देना चुना है। वह युवा खिलाड़ियों के साथ काम कर रहे हैं और उन्हें आगे बढ़ाने में मदद कर रहे हैं।
युवा खिलाड़ियों के मेंटर बने युवराज
युवराज सिंह पंजाब के युवा खिलाड़ियों जैसे अभिषेक शर्मा और प्रभसिमरन सिंह के करियर में मेंटर की भूमिका निभा रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने संजू सैमसन की भी मुश्किल दौर में काफी मदद की थी, जब वह लगातार खराब फॉर्म से जूझ रहे थे।
युवराज ने बताया, 'संजू सैमसन 8-10 पारियों में रन नहीं बना पा रहा था और लगातार फेल हो रहा था। ऐसे समय पर आपको खुद से कहना पड़ता है कि कुछ बदलना होगा। वह उस स्टेज पर पहुंच गया था जहां उसे लग रहा था कि टीम की प्लेइंग इलेवन में उसकी जगह नहीं बन रही है। मैंने 2-3 IPL सीजन से उसकी बल्लेबाजी देखी थी, इसलिए मैंने उससे बात की।'
सैमसन को दी थी फुटवर्क सुधारने की सलाह
युवराज ने बताया कि उन्होंने संजू सैमसन को तकनीकी रूप से फुटवर्क सुधारने की सलाह दी थी। 'मैंने संजू से कहा कि तुम्हें अपना फुटवर्क सुधारना होगा। अगर फुटवर्क अच्छा नहीं होगा तो तुम्हें लगातार परेशानी होगी। रन बनाना अलग बात है, लेकिन फुटवर्क सुधारना बहुत जरूरी है। मैंने उसे फुटवर्क सुधारने के कुछ तरीके भी बताए।'

