कोविड-19 की जानकारी पर ही अधिकतर समय बीत रहा है : हरभजन

punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2020 - 07:28 PM (IST)

नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) हरभजन सिंह अभी खेल के बारे में कतई नहीं सोच रहे हैं और जबकि दुनिया कोविड-19 महामारी से जूझ रही है तब यह क्रिकेटर अपना अधिकतर समय इस अप्रत्याशित संकट को लेकर जानकारी लेने पर समय बिता रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि यह समय भी गुजर जाएगा।

सभी की तरह यह स्पिनर भी अपने परिवार (पत्नी गीता और पुत्री हिनाया) के साथ मुंबई में है और उन्हें उम्मीद है कि वैज्ञानिक और चिकित्सक इस महामारी की दवा ढूंढने में सफल रहेंगे जिसके कारण अब तक दुनिया भर में 20 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

हरभजन ने पीटीआई से कहा, ‘‘संकट की इस घड़ी में आप जिंदगी को पूरी तरह अलग नजरिये से देखते हो। ऐसे समय में खेल आपके दिमाग में सबसे दूर होता है। अब मैं घर में हूं। मैं अपना अधिकतर समय कोविड-19 के बारे में पढ़ने में बिता रहा हूं। ’’
आखिर वह क्या पढ़ रहे हैं, इस पर हरभजन ने कहा, ‘‘मैं उपलब्ध जानकारी के हर प्रमाणिक हिस्से को पढ़ने की कोशिश करता हूं। वर्तमान परिस्थिति को लेकर सरकार की तरफ से जारी सभी नयी जानकारियां पढ़ रहा हूं। सबसे महत्वपूर्ण मैं यह जानने की कोशिश करता हूं कि वैज्ञानिक, जीव विज्ञानी और चिकित्सक इसका क्या तोड़ ढूंढ रहे हैं। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘संकट की इस घड़ी में आपको अपना जज्बा बनाये रखना होता है और खुद को प्रेरित करना होता है। कोई भी सकारात्मक जानकारी आपका मनोबल बढ़ाती है। ’’

यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Edited By

PTI News Agency

Recommended News

Related News