राष्ट्रपति ने पहलवान दीपक पूनिया, दिव्या काकरान और मोहित ग्रेवाल को बधाई दी

punjabkesari.in Saturday, Aug 06, 2022 - 12:33 PM (IST)

नयी दिल्ली, छह अगस्त (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बर्मिंघम में चल रहे राष्ट्रमंडल खेलों में पदक जीतने वाले पहलवान दीपक पुनिया, दिव्या काकरान और मोहित ग्रेवाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी इस उपलब्धि से देश को बहुत खुशी मिली और उसका गौरव बढ़ा।


मुर्मू ने ट्वीट करके कहा, ‘‘राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने पर युवा पहलवान दीपक पूनिया को बधाई। आपका आत्मविश्वास और सकारात्मक रवैया देखने लायक था। आप ने भारत को बहुत खुशी दी और उसका गौरव बढ़ाया।’’

पूनिया ने शुक्रवार को पुरुषों के 86 किग्रा भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीता था।


राष्ट्रपति ने एक अन्य ट्वीट में कहा, ‘‘दिव्या काकरान को राष्ट्रमंडल खेलों की कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतने पर बधाई। आपके दृढ़ निश्चय और फुर्ती से भारत को जीत मिली। आप जैसे युवा पहलवान भारतीय खेलों का भविष्य हैं।’’

काकरान ने महिलाओं के 68 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीता था।


मुर्मू ने कहा, ‘‘एक अन्य प्रतिभाशाली युवा पहलवान मोहित ग्रेवाल ने राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीतकर भारत का गौरव बढ़ाया। आपने इस मुकाम पर पहुंचने के लिए कई चुनौतियों को पार किया। देश को आप से और अधिक उपलब्धियों की उम्मीद है।’’

ग्रेवाल ने पुरुषों के 125 किग्रा भार वर्ग में कांस्य पदक जीता था।



यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

सबसे ज्यादा पढ़े गए

PTI News Agency

Recommended News

Related News