विनेश ने चचेरी बहन बबीता से कहा, पहलवानों का प्रदर्शन कमजोर ना करो

punjabkesari.in Saturday, Apr 29, 2023 - 07:57 PM (IST)

नयी दिल्ली, 29 अप्रैल (भाषा) विनेश फोगाट और उनकी चचेरी बहन बबीता फोगाट के बीच शनिवार को पहलवानों के प्रदर्शन को लेकर जुबानी जंग देखने को मिली।


विनेश ने बबीता से भारतीय कुश्ती महासंघ के प्रमुख बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ चल रहे आंदोलन को कमजोर नहीं करने को कहा।


विनेश ने ट्वीट किया, ‘‘अगर पीड़ित महिला पहलवालों के हक़ में नहीं खड़ी हो सकती तो बबीता बहन आपसे हाथ जोड़कर विनती है कि हमारे आंदोलन को कमज़ोर तो मत करो। सालों लगे हैं महिला पहलवानों को अपने उत्पीड़क के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाने में। आप भी महिला हैं और हमारा दर्द समझने की कोशिश करो।’’

इससे पहले बबीता ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा के प्रदर्शनकारी पहलवानों से मिलने के लिए जंतर-मंतर पहुंचने के बारे में ट्वीट किया था।


भाजपा से जुड़ी बबीता ने कहा था,‘‘ प्रियंका वाड्रा अपने निजी सचिव संदीप सिंह को लेकर जंतर मंतर महिला पहलवानों को न्याय दिलाने पहुँची हैं लेकिन इस व्यक्ति पर ख़ुद महिलाओं से छेड़छाड़ और एक दलित महिला को दो कौड़ी की औरत कहने जैसे तमाम आरोप लगे हैं।’’

यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।

PTI News Agency